बेंगलुरू के लिए प्लेऑफ का अंतिम मौका, हारे तो बाहर
नई दिल्ली | अाईपीएल-11 मंे गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला होगा। यह मैच रात 8 बजे से खेला जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद 18 अंक के साथ लीग में टॉप पर है। वह प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। दूसरी ओर, विराट कोहली की टीम बेंगलुरू 12 में 5 मैच ही जीत सकी है। वह आठ टीमों में सातवें स्थान पर है। उसके लिए यह मैच करो या मरो की तरह है। उसे प्लेऑफ की उम्मीद कायम रखने के लिए यह मैच जीतना जरूरी है। अगर वह हारा तो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगा। बेंगलुरू ने पिछले दो मैचाें में दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब से हराया है।
50 मैच खेले जा चुके हैं आईपीएल-11 में। सिर्फ दो टीमें प्लेऑफ में। आईपीएल-10 में इतने मैचों में तीन टीमों का प्लेऑफ तय हो चुका था।
बटलर और स्टोक्स राजस्थान के आखिरी लीग मैच में नहीं खेलेंगे, इंग्लैंड लौटे
जयपुर | राजस्थान रॉयल्स को अपने आखिरी लीग मैच से पहले दोहरा झटका लगा है। उसे प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच जीतना जरूरी है। पर उसके सबसे बड़े मैच विनर इंग्लैंड के जॉस बटलर और बेन स्टोक्स इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड ने इन दोनों खिलाड़ियों को पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए स्वदेश बुला लिया है। दोनों खिलाड़ी बुधवार को इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए। राजस्थान को अपना अंतिम मैच शनिवार को बेंगलुरू से खेलना है। राजस्थान के कप्तान रहाणे ने कहा, ‘हमें बटलर और स्टोक्स की कमी खलेगी। पर मुझे बटलर के लिए खुशी है कि उन्हें टेस्ट टीम में चुन लिया गया है।’
हेड टू हेड
हैदराबाद जीता 6
बेंगलुरू जीता 4
1 टाई
मैच 11