मौजपुर गांव में दो वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। बच्ची की चीखें सुनकर मां मौके पर पहुंच गई। उसने न केवल अपनी बच्ची को बचाया बल्कि पीछा करके आरोपी को पकड़ लिया। जाफराबाद थाना पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया। इसमें दुष्कर्म न होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने छेड़छाड़ और पाॅक्सो की धारा में केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता था।
पुलिस के अनुसार यूपी निवासी रमेश (परिवर्तित नाम) मौजपुर गांव में किराए के मकान में रहता है। मौजपुर सब्जी मंडी में रोज शाम को लगने वाले बाजार में रमेश दुकान लगाता है। शुक्रवार शाम को वह दुकान पर था, जबकि प|ी कपड़े धो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला सर्वेश घर आया। उसने बच्ची को अकेले देखा और उसे उठा लिया। आरोपी बच्ची को लेकर कमरे में चला गया। जहां उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची नहीं रोई तो उसने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची चीखने लगी। चीख सुनकर मां कमरे में पहुंची। जहां बच्ची नहीं थी, मां ने सर्वेश के कमरे में देखा तो वह संदिग्ध अवस्था में बच्ची के साथ मौजूद था। मां ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भागने लगा। इसके बाद बच्ची की मां ने बच्ची को उठाया और आरोपी का पीछा करने लगी। कुछ दूरी पर लोगों की मदद से महिला ने आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर जमा हुई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।