नई दिल्ली | कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल सीजन 11 के 54वें मुकाबले में 5 विकेट से मात दे दी है। इसी के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ में जगह बना ली है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवा कर 172 रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए 173 रनों का टारगेट दिया। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 गेंद शेष रहते 173 रन बनाते हुए हैदराबाद को शिकस्त दे दी और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलकाता के लिए क्रिस लिन ने 43 गेंदों में 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। रॉबिन उथप्पा ने 34 गेंदों में 45 रनों का योगदान दिया। सुनील नरेन ने 10 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 29 रनों की पारी खेली।