सात बच्चे चिल्ड्रन होम से फरार, भीख मांगते मिले
नई दिल्ली| तीन लड़कियों सहित 7 बच्चे रविवार रात चिल्ड्रन होम से फरार हो गए। बच्चों के फरार होने की खबर लगते ही तिमारपुर थाना पुलिस सोमवार सुबह चिल्ड्रन होम पहुंच गई। चिल्ड्रन होम के प्रबंधकों की शिकायत पर पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की और दोपहर तक सभी बच्चों को आजादपुर रेडलाइट से पकड़ लिया गया। सभी भीख मांग रहे थे और भीख मांगकर दोपहर तक सौ रुपए जमा भी कर चुके थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार तिमारपुर स्थित एक चिल्ड्रन होम में लावारिस बच्चों को रखा जाता है। रविवार रात 12 से 7 साल की उम्र के सात बच्चे दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार बच्चों में दो लड़कियों के दो सगे भाई भी थे। सभी बच्चों को पिछले साल ही चिल्ड्रन होम में लाया गया था। लंबे समय से यह बच्चे चिल्ड्रन होम से भागने की फिराक में थे। जिस भवन से बच्चे फरार हुए है, वहां रात के स्टाफ रहता है और भवन की इमारत भी बहुत ऊंची है।