दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से साढ़े छह लाख ड्रग्स टेबलेट, दो किलो माफेडरोन और एक किलो मेथाक्वालोन ड्रग बरामद की है। यह ड्रग्स पार्टी के लिए इस्तेमाल की जाती है। इसकी कीमत करीब 30 करोड़ रुपए होने का दावा किया गया है।
आरोपियों की पहचान शाहबाद डेयरी निवासी आशीष (29), डाबड़ी निवासी अासीम (23) राजेन्द्र (26) व ओल्ड फरीदाबाद निवासी प्रवीन सैनी (32) के तौर पर हुई है। प्रवीन इस रैकेट में भारत का सरगना है। पुलिस की तहकीकात में पता चला कि लंदन में बैठे दो लोग बलजीत सिंह उर्फ बल्ली और गजेन्द्र सिंह राठौर उर्फ गज्जू ड्रग के इस पूरे नेटवर्क को वहीं से प्रवीन के माध्यम से ऑपरेट कर रहे हैं।
6.5 लाख ड्रग्स टेबलेट, 2 किलो माफेडरोन और 1 किलो मेथाक्वालोन ड्रग बरामद
ऐसे पहुंचाते थे ड्रग्स...एयरपोर्ट पर कस्टम हाउस का एजेंट सामान क्लियर कराता था
डीसीपी संजीव यादव ने बताया प्रवीन ड्रग्स की खेप सामान की आड़ में आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम कारगो कंपनी के जरिये लंदन भेजता है। इसमें उसका साथ आशीष देता है। वह एक्सरे मशीन पर माैजूद लोगों से मिलकर कंसाइनमेंट को क्लियर करवाता है। 18 मई की रात साढ़े नौ बजे पुलिस ने महिन्द्रा चैम्पियन टैंपो से ड्रग की खेप जब्त की। यहां से आशीष और आसिम को पकड़ा गया।
ये था तरीका... कोरियर के जरिए कैलाश और राजन काे ड्रग्स पहुंचाता था कपिल
प्रवीन सैनी ने बताया कि फरीदाबाद के दोस्त कपिल ने कुछ वर्ष पहले उसके नाम से कोरियर एजेंसी का लाइसेंस लिया। इसकी आड़ में कपिल, कैलाश व राजन को कोरियर सेे ड्रग्स भेजी जाती थी। फिर इसकी मुलाकात लंदन में जैश से हुई। इससे वह बलजीत के संपर्क में आया।