उबर कप: भारत ने आॅस्ट्रेलिया को हराया, आज जापान से मुकाबला
बैंकाॅक | भारतीय महिला शटलरों ने सोमवार को उबर कप बैडमिंटन में आॅस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया। साइना नेहवाल ने पहले मैच में सुआन यू वेंडी चेन को 21-14, 21-19 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे मुकाबले में महिला डबल्स में जे मेघना और पूर्विशा राम की जोड़ी हार गई। पर इसके बाद भारत ने तीनों मैच जीत लिए। वैष्णवी रेड्डी जक्का ने जेनिफर टैम को 21-17, 21-13, अनुरा प्रभुदेसाई ने जेस्ली फंग को 21-6, 21-7 और सन्योगिता घोरपड़े-प्राजक्ता सावंत की जोड़ी ने लुईसा मा-एन लुईसे स्ली को 21-19, 21-11 से हराया। अब ग्रुप ए में जापान (2 अंक) पहले नंबर पर है। भारत (1) और कनाडा (1) बराबरी पर हैं। बुधवार को भारत का मैच जापान से होना है। ग्रुप की टॉप-2 टीमें क्वार्टर फाइनल खेलेंगी।
टेबल टेनिस: भारत के साथियान-शेट्टी ने थाईलैंड ओपन में सिल्वर मेडल जीता
नई दिल्ली | जी. साथियान और सनिल शेट्टी की जोड़ी ने थाईलैंड ओपन टेबल टेनिस टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीत लिया है। भारतीय जोड़ी ने अपने ही देश के हरमन देसाई और मानव ठक्कर को 3-2 के कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पर खिताबी मुकाबले में जर्मन जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को आसानी से हरा दिया। जर्मनी के तॉबिएस हिप्लर-किलिएन ओर्ट ने 14-12, 11-9, 11-7 से यह मुकाबला जीता।