पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शाह बोले कांग्रेस विधायकों को विजय जुलूस का मौका मिलता तो बन जाती भाजपा सरकार

शाह बोले- कांग्रेस विधायकों को विजय जुलूस का मौका मिलता तो बन जाती भाजपा सरकार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की सरकार बनने का रास्ता साफ होने के दो दिन बाद सोमवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दोनों दलों पर जनादेश के अपमान का आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस-जेडीएस के विधायक फाइव स्टार होटल में बंद करके रखे गए। कांग्रेस विधायकों को जीत का जुलूस भी निकालने दिया जाता तो भाजपा सरकार बची रहती। यह विधायक अब तक छोड़े नहीं गए हैं। वहीं, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने दावा किया कि विधायक खरीदने के लिए भाजपा ने करीब चार हजार करोड़ रुपए रखे हुए थे। शाह ने कहा कि उनके पास 104 विधायक थे। सबसे बड़े दल के तौर पर सरकार बनाई। सदन में स्थिति स्पष्ट करने के बाद इस्तीफा देने में अनैतिक क्या है? विधायक खरीदने के आरोप नकारते हुए शाह ने कहा, “हम पर हाॅर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया गया, लेकिन कांग्रेस ने पूरा का पूरा अस्तबल ही बेच खाया।’

भाजपा ने खर्च किए साढ़े छह हजार करोड़ : कांग्रेस

कांग्रेस नेता शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कर्नाटक चुनाव में साढ़े छह हजार करोड़ रु. से ज्यादा खर्च किए। पार्टी ने इसकी जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि लोकसभा चुनाव में किए वादे पूरे नहीं होने पर मोदी सरकार प्रायश्चित दिवस मनाए। उन्होंने कहा कि प्रचार में पीएम मोदी ने पद की गरिमा के अनुसार काम नहीं किया।

सोनिया-राहुल से मिले कुमारस्वामी, कांग्रेस ने मांगे दो उपमुख्यमंत्री पद, जेडीएस नहीं है तैयार

नई दिल्ली| कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी सोमवार शाम कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिले। सूत्रों के अनुसार अपने विधायकों की संख्या ज्यादा होने का हवाला देकर कांग्रेस ने अपने दो उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, जेडीएस अभी इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं है। राहुल के तुगलक लेन स्थित आवास में हुई बैठक के बाद कुमारस्वामी ने कहा कि गांधी परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए वह दिल्ली आए हैं। सोनिया और राहुल दोनों ने शपथ ग्रहण समाराेह में आने की बात कही है। सोनिया और राहुल से मिलने से पहले कुमारस्वामी ने अपनी चुनाव पूर्व गठबंधन सहयोगी बसपा प्रमुख मायावती से भी मुलाकात की। वहीं, खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए होटलों में बंद किए गए कांग्रेस और जेडीएस विधायक कुमारस्वामी के फ्लोर टेस्ट तक वहीं बंद रहेंगे।

खबरें और भी हैं...