मदनपुर खादर में 58 झुग्गियों में लगी भीषण आग
नई दिल्ली | मदनपुर खादर इलाके में सोमवार देर रात समौसा चौक स्थित 58 झुग्गियों में आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में कारण शॉट सर्किट ही माना जा रहा है। दमकल विभाग के मुताबिक सोमवार रात 12 बजकर 55 मिनट पर आग की सूचना पर मौके पर दमकल की सात गाड़ियां भेजी गई थीं। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।