नई दिल्ली| सुप्रीम कोर्ट काॅलेजियम उत्तराखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस केएम जोसेफ की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति की सिफारिश दोबारा भेजने से पहले हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के नाम पर और चर्चा करेगा। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर कॉलेजियम की 16 मई की बैठक के अपलोड किए गए प्रस्ताव में यह बात कही गई है। इसमें कहा गया कि उन हाईकोर्ट के जजों को सुप्रीम कोर्ट में लाने पर विचार करने की जरूरत है, जिनका प्रतिनिधित्व नहीं है। प्रस्ताव में कहा गया कि बैठक का सर्वसम्मति से नजरिया है कि उन हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों और जजों के नामों पर और चर्चा होनी चाहिए जिनका अभी प्रतिनिधित्व नहीं है। कॉलेजियम की पांच दिनों में दूसरी बैठक 16 मई को हुई थी।