70% अटेंडेंस अनिवार्य है तो 50% वालों को एडमिट कार्ड कैसे दे दिए
डीयू में लॉ फैकल्टी की परीक्षा 14 मई से 1 जून तक चलेगी। लेकिन विश्वविद्यालय में इस साल शॉर्ट अटेंडेंस के कारण 457 छात्रों को एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए हैं। इसे लेकर करीब 20 छात्र कोर्ट भी चले गए हैं। वहीं, लॉ फैकल्टी के छात्रों ने आरोप लगाया है कि कई एेसे छात्र हैं जिनकी 50 पर्सेंट अटेंडेंस है फिर भी उन्हें एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। जबिक यह नियम है कि 70 पर्सेंट अटेंडेंस अनिवार्य होनी चाहिए। लॉ फैकल्टी के छात्र अपने भविष्य को लेकर बहुत आशंकित हैं।
एडमिट कार्ड रोकने से छात्रों का पूरा साल हो जाएगा बर्बाद
कोर्ट जाने वाले कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड मिले हैं। वहीं, जिन छात्रों को एडमिट कार्ड देने से रोका गया है उसके अलावा कई एेसे भी हैं जिनकी महज 50 पर्सेंट अटेंडेंस हैं फिर भी उन्हें एडमिट कार्ड दे दिया गया है। जिन छात्रों के एडमिट कार्ड रोके गए हैं उनका एक साल बर्बाद हो जाएगा। उन्हें अगले साल जून में फिर से परीक्षा देनी पड़ेगी। वहीं इस मामले में डीयू प्रशासन ने छात्रों के आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि नियम अनुसार 70 पर्सेंट अटेंडेंस होना अनिवार्य है। वहीं इस मामले में डीयू की लॉ फैकल्टी की डीन वेद कुमारी ने कहा कि एडमिट कार्ड सिर्फ उन छात्रों को ही दिए जाएंगे, जिन्हें एडमिट कार्ड देने की इजाजत कोर्ट से हमें मिलेगी।