पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोन लेकर छत पर लगवाएं सोलर पैनल, बचत से करेंगे किस्त भुगतान, अभी मैन्युअल आवेदन, जल्दी ऑनलाइन करने की तैयारी, 30 फीसदी दिल्ली सरकार देगी सब्सिडी

लोन लेकर छत पर लगवाएं सोलर पैनल, बचत से करेंगे किस्त भुगतान, अभी मैन्युअल आवेदन, जल्दी ऑनलाइन करने की तैयारी, 30 फीसदी दिल्ली सरकार देगी सब्सिडी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अखिलेश कुमार|नई दिल्ली akhilesh.kumar4@dbcorp.in

आप अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर पर्यावरण रक्षा और बचत करना चाहते हैं और उतने पैसे का जुगाड़ नहीं है तो दिल्ली को-ऑपरेटिव हाउसिंग फाइनेंस कार्पोरेशन (डीसीएचएफसी) आपको लोन देगा। वो भी सिर्फ 8.25 फीसदी के सालाना ब्याज पर। अभी तक ग्रुप हाउसिंग सोसायटीज को ही डीसीएचएफसी लोन देती थी। दो किलो वाट का सोलर पैनल लगाने में 1.02 लाख रुपये का खर्च आता है जिसमें 30,750 रुपये दिल्ली सरकार सब्सिडी देती है। बाकी खर्च में आपको 70 फीसदी लोन मिल जाएगा। इसका भुगतान 60 किस्तों में कर सकते हैं जो मासिक करीब 1000 रुपये आएगा।

अगर आप मासिक 400 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करते हैं तो इससे ज्यादा की आप बचत करेंगे। ईएमआई हर महीने की 8 तारीख को जमा करनी होगी। दो किलो वाट का रूफ टॉप सोलर पैनल लगवाने के लिए 20 वर्ग मीटर की खुली जगह जरूरी है जो 100 वर्ग मीटर के मकान में मिल जाती है।

आप खुद भी सोलर पैनल के लिए लोन लेना चाहते हैं तो सालाना 8.25% ब्याज दर पर िमलेगा

पैनल लगाने से सब्सिडी तक मदद करने वाला पोर्टल 25 मई को होगा शुरू, आवेदन में भी करेगा सहायता

सोलर पैनल लगवाने में आपकी मदद करने के लिए बिजली वितरण कंपनियों की मदद से तैयार पोर्टल 25 मई को शुरू होगा। घरेलू रूफ टॉप सोलर पैनल लगाने में छत की नाप-जोख, आवेदन, पैनल लगाने से सब्सिडी तक ये पोर्टल हेल्प करेगा। मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूअल एनर्जी (एमएनआरई) ने ये वेब पोर्टल बनाया है। आपकी छत पर कितनी जगह खाली है तो कितने किलोवॉट का पैनल लग सकता है और किस तरह से आवेदन करके सब्सिडी और वेंडर तक पहुंच सकते हैं, ये सब पोर्टल से पता चल जाएगा। आवेदन करने पर बिजली वितरण कंपनी, ऊर्जा विभाग और एजेंसी आपसे जुड़ जाएगी।

मंडोली जेल में जल्द शुरू होगा 729 किलोवाट का प्लांट, द्वारका की 3 सोसायटी में शुरू हो चुका है

दिल्ली में अभी 90 मेगावाट बिजली उत्पादन सोलर एनर्जी से हो रहा है। सरकार की कोशिश इसे तेजी से बढ़ाने की है। अभी द्वारका की तीन सोसायटी और आईपी एक्सटेंशन की एक सोसायटी में रूफ टॉप प्लांट शुरू हो चुका है। मंडोली जेल में 729 किलोवाट का प्लांट करीब-करीब तैयार है। जल्द ही ये भी शुरू हो जाएगा। इसके बाद दिल्ली सरकार के 490 स्कूलों की छत पर सोलर प्लांट लगाने की तैयारी है। एमसीडी ने भी अपने कुछ स्कूलों की सूची दिल्ली सरकार के ऊर्जा विभाग को भेजी है।

7 से 10 दिन में मंजूर हो जाएगा लोन

डीसीएचएफसी के एमडी अभिषेक देव और जनरल मैनेजर विनय भूषण ने भास्कर से बताया कि अभी लोन के लिए आवेदन करने डीसीएचएफसी के श्रीफोर्ट कार्यालय आना होगा। लेकिन इसी महीने सोलर पैनल के लिए लोन का आवेदन ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विनय भूषण ने बताया कि कोई भी व्यक्ति सोलर पैनल के लिए लोन आवेदन करता है तो 7-10 दिन में लोन मंजूर कर दिया जाएगा। लोन की अदायगी 60 किस्तों में करनी होगी। उनका कहना है कि पर्यावरण की रक्षा के लिए सोलर उत्पादन बढ़ाना सरकार का उद्देश्य है जिसके लिए सरकार पैनल खरीद राशि में सब्सिडी, हर यूनिट उत्पादन पर 2 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी देती है।

खबरें और भी हैं...