मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार शाम सीएम अरविंद केजरीवाल से उनके घर पर पूछताछ की। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई पूछताछ में तीन घंटे के दौरान सीएम से 48 सवाल किए गए। पुलिस टीम के अनुसार उन्हें कई सवालों का संताेषजनक जवाब नहीं मिला है इसलिए दोबारा पूछताछ की जाएगी। इस बार सीएम केजरीवाल के साथ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सामने बैठाकर सवाल किए जाएंगे। इस मामले में पुलिस पहले ही 11 विधायकों के साथ मुख्यमंत्री के सलाहकार रहे वीके जैन से पूछताछ कर चुकी है। जैन को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने 20 फरवरी को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के आवास पर केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों अमानतउल्ला खान तथा प्रकाश जरवाल ने उन पर हमला किया था।
पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग कराई पर सीएम को सीडी देने से इनकार किया
सीएम के पूछताछ के दौरान कमरे में नौ लोग मौजूद रहे। आठ लोगों ने सीएम के अलावा, उनके दो वकील और एडिशनल डीसीपी के साथ पांच पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने सीएम की मांग पर पूछताछ के दौरान वीडियो रिकार्डिंग कराई गई। इस रिकार्डिंग की कॉपी की सीडी सीएम को देने के सवाल पर पुलिस ने कहा कि सीएम ने रिकार्डिंग की कॉपी मांगी थी, लेकिन आईपीसी की धारा 161 के तहत हमने उन्हें सीडी देने से मना कर दिया।