मुख्यमंत्री राजे से मीणा समाज ने छात्रावास के लिए मांगी जमीन
चित्तौड़गढ़ | जिला मुख्यालय पर नगर परिषद के आडिटोरियम में मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विविध संगठनों ने आडिटोरियम के बाहर सीएम का स्वागत कर विविध मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपे।
राजस्थान होमगार्ड कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष गणपतलाल वैष्णव के नेतृत्व में होमा गार्डों ने 21 किलो की माला पहनाकर होमगार्डों को स्थाई रोजगार दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा। मुकेश कुमार, अंबालाल, शिवसिंह सहित मौजूद थे। जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष प्रदीप काबरा, सचिव शैलेंद्र सिंह राव, उपाध्यक्ष अरविंद भट्ट, कोषाध्यक्ष उमाशंकर दाधीच, भवन निर्माण समिति अध्यक्ष नरेंद्र पोखरना, कैलाशचंद्र चौखड़ा, वेलफेयर कमेटी के सचिव एसपी सिंह राठौड़ ने सीएम को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए उदयपुर में हाइकोर्ट बैंच स्थापना करने एवं चित्तौड़गढ़ में भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय खाेलने के लिए ज्ञापन दिया। मीणा समाज विकास संस्था ने मीणा समाज छात्रावास की जमीन आबंटन के लिए एवं जिले को टीएसपी में शामिल करने की मांग के लिए ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह शक्तावत ने बताया कि पैक्स या लैंपस कर्मचारियों की नियोक्ता निर्धारण की सुराज संकल्प यात्रा में की गई घोषणा की क्रियान्विति के संबंध में ज्ञापन सौंपा। शिव सेना के गोपाल वेद ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति शिवाजी सर्किल में लगाने की मांग के संबंध में सीएम को ज्ञापन सौंपा। जिले के विधार्थी मित्रों एवं पंचायत सहायकों ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर विधालय सहायक भर्ती अतिशीघ्र शुरू करने, पंचायत सहायकों को विद्यालय सहायक भर्ती में रूपांतरित कर नियमित रोजगार प्रदान करने की मांग की गई। मिड डे मील कुक कम हेल्पर यूनियन ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर कुक कम हेल्परों ने बढ़ा हुआ मानदेय दिलवाने एवं समय पर भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला संयोजक परसराम भील के नेतृत्व में 11 सूत्री मांगों के संबंध में सीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्राम विकास या विस्तार योजना के लिए ग्रामीण लाेगों को आवासीय सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग के संबंध में सामाजिक न्याय एवं सहायता समिति ने ज्ञापन सौंपा।
मेवाड़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंड्रस्ट्रीज ने चित्तौड़ के विकास के लिए जनसंवाद से पहले सीएम को ज्ञापन सौंपा। चैंबर के अध्यक्ष अर्जुन मूंदड़ा ने बताया कि पूर्व में चित्तौड़ में एक साथ सारी भूमि को बिलानाम से चरनोट में डाली, इसे फिर से बिलानाम करने, कपासन चौराहा से बूंदी रोड का रिंग रोड बनाने, भीलवाड़ा एवं चित्तौड़ के बीच इनलेंड कंटेनर डिपो की स्थापना करने सहित कई बिंदुआें के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इसी प्रकार राजस्थान अंबेडकर शिक्षक संघ ने ज्ञापन सौंपकर वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की।