खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए आवेदन 27 अप्रैल तक लेंगे
चित्तौड़गढ़ | प्रदेश में विभिन्न खेलों की सभी 10 अकादमियों में खिलाड़ियों के प्रवेश के लिए चयन स्पर्धा जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होगी। इसमें शामिल होने के लिए 27 अप्रैल तक आवेदन किए जा सकेंगे।
राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से होने वाली इस चयन स्पर्धा में राजस्थान के मूल निवासी आवेदन कर सकेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पिछले तीन साल से लगातार पदक प्राप्त खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाड़ी किसी भी प्रकार की बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए। चयन स्पर्धा में शामिल खिलाड़ी की आयु 1 जुलाई 2018 को न्यूनतम 13 वर्ष एवं अधिकतम 18 वर्ष, जबकि बालिका खिलाड़ी की आयु न्यूनतम 13 वर्ष तथा अधिकतम 17 वर्ष होनी चाहिए। बास्केटबाल बालक सीनियर वर्ग में शामिल होने के लिए न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 20 वर्ष की आयु जरूरी है। क्रीड़ा परिषद द्वार संचालित खेल अकादमियों में पहले से ही प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों के लिए अधिकतम आयु सीमा उनके परिणाम के आधार पर 19 वर्ष होगी बास्केटबाल सीनियर वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 23 वर्ष होगी। वहीं सीनियर बास्केटबाल अकादमी जयपुर में प्रवेश के लिए नेशनल मेडलिस्ट खिलाड़ियों को ही रखा जाएगा। जिसमें एसजीएफआई मेडलिस्ट, विश्वविद्यालय जॉनल मेडलिस्ट, सीनियर नेशनल प्रतियोगिता का प्रतिभागी व ओपन नेशनल मेडलिस्ट को ही सम्मिलित किया जाएगा।