शहर के सार्वजनिक प्याऊ सूखे, कुछ में नहीं हैं टोंटियां
धौलपुर| जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे-वैसे लोगों को प्यास भी सताने लगी है। इसमें भी सबसे ज्यादा परेशानी का सामना उन लोगों को करना पड़ता है जो दूर-दराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालय किसी न किसी काम को लेकर आते हैं। वे पानी पीने के लिए यहां-वहां भटकते नजर आते हैं। कारण है कि शहर में लगभग एक दर्जन स्थानों पर बने सार्वजनिक प्याऊ सूखे पड़े हुए हैं।
इनमें से कुछ प्याऊ तो ऐसे भी हैं जो काफी समय से मरम्मत की बाट जोह रहे हैं, लेकिन फिर भी नगर परिषद द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दूसरी ओर राहगीरों को पीने के पानी की तलाश में इधर-उधर भटकना नहीं पड़े, इसके लिए शहरवासियों ने अपने खर्चे पर प्याऊ लगवाना शुरू कर दिया है, ताकि वे ठंडे पानी से अपना गला तर कर सकें। वहीं दूसरी ओर जुबली हॉल के पास स्थित प्याऊ के पानी का जमकर दुरुपयोग भी हो रहा है। यहां दिन में कई निजी बस चालक व परिचालक अपनी बसों को बेझिझक इसी प्याऊ के पानी से धोकर साफ करते हैं। उन्हें इस कार्य को करने से कोई रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है।
इधर, जुबली हॉल के पास स्थित प्याऊ के पानी से रोज हो रही बसों की धुलाई
धौलपुर. लाल बाजार की बेहाल प्याऊ।