कोर्ट के आदेश के बावजूद बीएलओ को कार्यमुक्त नहीं करने पर जताया रोष
बाड़ी | राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम उपशाखा बाड़ी की बैठक प्रदेश उपसभाध्यक्ष सुरेश भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य एवं ब्लाक अध्यक्ष रामनिवास मीणा की अध्यक्षता में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़ी में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश एवं हाल ही में शिक्षा निदेशक द्वारा सभी जिला कलेक्टरों के लिए जारी किए गए आदेशों में बीएलओ कार्य से मुक्त करने को कहा गया। लेकिन प्रशासन द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं किए जाने पर शिक्षकों ने रोष प्रकट करते हुए क्रमिक आंदोलन का निर्णय लिया गया। जिसके तहत पहले उपखंड अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन दिया जाएगा। उसके बाद जिला कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर से शिक्षकों को बीएलओ कार्य से मुक्त करने की मांग की जाएगी।
बैठक में शिक्षकों ने आरोप लगाया की जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शिक्षकों को बेवजह परेशान किया जाता है। बैठक में निर्णय लिया कि संगठन द्वारा सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में किए जा रहे पक्षियों के लिए परिंडे टांगने के कार्य को और बढ़ाते हुए सभी सरकारी विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे टांगने का कार्य संगठन के कार्यकर्ता करेंगे। हाल ही में संस्कृत शिक्षा विभाग में किए गए कुछ परिवर्तनों को लेकर प्रांतीय स्तर पर संघर्ष समिति का गठन किया गया है जिसके तहत संघर्ष समिति के निर्णय अनुसार कार्यवाही की जाएगी। बैठक में प्रदेश उपसभाध्यक्ष सुरेश भारद्वाज ने सभी कार्यकर्ताओं से नए सत्र में सदस्यता अभियान जोर शोर से चलाने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों से लिखित रूप में उनकी समस्याएं संकलित करने को भी कहा जिससे संकलित समस्याओं का विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमानुसार निस्तारण करवाने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में शिक्षक स्थानांतरण को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश उपसभाध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल अजीज, ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास मीणा ने विचार रखे। संचालन उपशाखा मंत्री रामकुमार गॉड ने किया। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ,जगदीश प्रसाद शर्मा, पवन कुमार मंगल, अश्वनी भारद्वाज, राम सहाय मीणा, रमेश चंद शर्मा, इरशाद खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।