10 निकायों में 488 सफाईकर्मियों की होगी भर्ती, 15 तक मांगे आवेदन
भास्कर न्यूज | चूरू/सुजानगढ़
स्वायत शासन विभाग ने जिले के 10 निकायों में सफाई कर्मचारियों की भर्ती को मंजूरी दी है। इसके तहत चूरू व सुजानगढ़ नगरपरिषद सहित जिले की नगरपालिकाओं में 488 कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 15 मई क आवेदन भरे जा सकेंगे।
सुजानगढ़ नगरपरिषद में 88 सफाई कर्मचारियों की भर्ती किए जाने की स्वीकृति जारी की है। विभाग के निदेशक व संयुक्त सचिव पवन अरोड़ा ने 13 अप्रैल को जारी आदेश में राज्य की 184 नगरीय निकायों में सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के आवेदन पर परिषद के माध्यम से आमंत्रित किए हैं। सुजानगढ़ नगरपरिषद आयुक्त मघराज डूडी ने बताया कि वर्तमान में परिषद में 154 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। नई भर्ती में 88 सफाई कर्मचारियों के आने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में अधिक काम होगा। शहर के 45 वार्डोंं में नियमित रुप से सफाई करवाने के लिए 88 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति से पूरे शहर के लोगों को राहत मिलेगी। आवेदन की न्यूनतम आयुु 18 एवं अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र सीमा में पांच वर्ष की छूट होगी। भूतपूर्व सैनिक के लिए उच्च आयु सीमा 50 वर्ष होगी। विधवा व विछिन्न विवाह एवं तलाकशुदा महिलाओं के मामले में कोई आयु सीमा नहीं होगी। विकलांग अभ्यार्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट देय होगी।
आवेदन शुल्क : आवेदन पत्र के साथ आवेदन शुल्क राशि 100 रुपए का रेखांकित पोस्टल आर्डर या बैंक का डिमांड ड्राफ्ट जमा करवाना आवश्यक होगा, जो आयुक्त या अधिशाषी अधिकारी के पक्ष में देय होगा। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 50 रुपए देय होगा।
स्वायत शासन विभाग ने 184 निकायों में भर्ती को दी मंजूरी, सर्वाधिक 131 कर्मचारी राजगढ़ में भर्ती किए जाएंगे
चूरू नगरपरिषद में 59, रतनगढ़ पालिका में 58 कर्मचारियों की होगी भर्ती
भर्ती में चूरू में 59, तारानगर में 19, रतननगर में 24, रतनगढ़ में 58, राजगढ़ में 131, छापर में 17, राजलदेसर में 26, बीदासर में 21, सुजानगढ़ में 88 तथा सरदारशहर में 45 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार प्रथम दो वर्ष के लिए परीवीक्षा काल में फिक्स रेम्युनरेशन देय होगा। परिवीक्षा अवधि एक वर्ष होगी।
ये रहेगी चयन प्रकिया : राजस्थान नगरपालिका नियम 2012 व संशोधित नियम 2018 में वर्णित प्रावधानों के अनुसार प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच की जाकर पात्र अभ्यर्थियों का लाटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारुप में आयुक्त व अधिशाषी अधिकारी नगर निगम, परिषद व पालिका के पते पर कार्यालय में 16 अप्रैल 18 से 15 मई 18 को सांयकाल पांच बजे तक जमा करवा सकेंगे।