उधार लिए 50 हजार, सूतखोर ने वसूले नौ लाख, मामला दर्ज
श्रीनगर गांव के एक किसान से सूदखोर द्वारा उधार ली गई 50 हजार की राशि के नौ लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। सूदखोर अब किसान से खाली स्टांप व प्रमेसरी नोट पर हस्ताक्षर कराकर कृषि भूमि हड़पना चाहता है। इस संबंध में किसान ने सूदखोर के विरूद्ध बेगूं थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार श्रीनगर निवासी लादूलाल पुत्र घासीलाल बलाई ने भंवरिया निवासी कालू पुत्र शोभा कंजर के विरूद्ध खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराकर उधार ली गई राशि के नौ लाख रुपए वसूलने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि कालू कंजर द्वारा लादूलाल को डरा-धमकाकर 5-6 खाली प्रमेसरी नोट व स्टांप पर हस्ताक्षर करवाए गए।
अब तक आरोपी 50 हजार के करीब नौ लाख वसूल चुका है इसके अलावा ब्याज में देरी के कारण भी 2-3 हजार रुपए अलग से ले जाता रहा है। आरोपी द्वारा लादूलाल को जमीन हड़पने व मारने की धमकियां भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।