सादुलपुर में किसान करेंगे एसबीआई शाखा का घेराव
अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की ओर से किसानों का बीमा प्रीमियम नहीं भेजने के विरोधस्वरूप शुक्रवार को एसबीआई औद्योगिक शाखा का घेराव किया जाएगा। मंत्री बनवारीलाल बेनीवाल ने बताया कि घेराव को लेकर बुधवार को गांवों का दौरा किया गया। इस दौरान का. रामसिंह, मंत्री बेनीवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगतसिंह, बनवारी मूंड, होशियारसिंह, रामेश्वरलाल, सोहनराम नाई, तेजपाल आदि ने किसानों को बताया कि बैंकों ने प्रीमियम राशि कंपनी को न भेजकर किसानों के साथ गद्दारी की है। एसबीआई औद्योगिक शाखा द्वारा किसानों की फसल बीमा योजना 2016-17 का प्रीमियम बीमा कंपनी में जमा नहीं करवाया गया, जिससे किसानों का क्लेम पास होकर किसानों के खातों में नहीं आया है। उन्होंने 20 अप्रैल को होने वाले बैंक के घेराव में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।