पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • सुजानगढ़ में 88 सफाई कर्मचारियों की भर्ती होगी, 15 तक मांगे आवेदन

सुजानगढ़ में 88 सफाई कर्मचारियों की भर्ती होगी, 15 तक मांगे आवेदन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपरिषद के 45 वार्डों के लिए स्वायत शासन विभाग ने 88 सफाई कर्मचारियों की भर्ती किए जाने की स्वीकृति जारी की है। विभाग के निदेशक व संयुक्त सचिव पवन अरोड़ा ने 13 अप्रैल को जारी आदेश में राज्य की 184 नगरीय निकायों में सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के आवेदन पर परिषद के माध्यम से आमंत्रित किए हैं। आयुक्त मघराज डूडी ने बताया कि वर्तमान में परिषद में 154 सफाई कर्मचारी कार्यरत है। नई भर्ती में 88 सफाई कर्मचारियों के आने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में अधिक काम होगा। शहर के 45 वार्डोंं में नियमित रुप से सफाई करवाने के लिए 88 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति से पूरे शहर के लोगों को राहत मिलेगी। आवेदन की न्यूनतम आयुु 18 एवं अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र सीमा में पांच वर्ष की छूट होगी। भूतपूर्व सैनिक के लिए उच्च आयु सीमा 50 वर्ष होगी। विधवा व विछिन्न विवाह एवं तलाकशुदा महिलाओं के मामले में कोई आयु सीमा नहीं होगी। विकलांग अभ्यार्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट देय होगी।

ये रहेगी चयन प्रकिया

राजस्थान नगरपालिका नियम 2012 व संशोधित नियम 2018 में वर्णित प्रावधानों के अनुसार प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच की जाकर पात्र अभ्यर्थियों का लाटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारुप में आयुक्त व अधिशाषी अधिकारी नगर निगम, परिषद व पालिका के पते पर कार्यालय में 16 अप्रैल 18 से 15 मई 18 को सांयकाल पांच बजे तक पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रुप से जमा करवा सकेंगे। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

जिले के 10 निकायों में होगी 488 सफाई कर्मचारियों की भर्ती

सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों पर भर्ती में चूरू जिले की स्थिति निम्न प्रकार होगी। जिसमें चूरू में 59, तारानगर में 19, रतननगर में 24, रतनगढ़ में 58, राजगढ़ में 131, छापर में 17, राजलदेसर में 26, बीदासर में 21, सुजानगढ़ में 88 तथा सरदारशहर में 45 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार प्रथम दो वर्ष के लिए परीवीक्षा काल में राज्य सरकार द्वारा नियत पारिश्रमिक :फिक्स रेम्युनरेशन: देय होगा। परिवीक्षा अवधि एक वर्ष तक कार्य संतोषजनक नहीं होने पर बढ़ाई जा सकेगी अन्यथा सेवा से पृथक भी किया जा सकेगा।

आवेदन शुल्क : आवेदन पत्र के साथ आवेदन शुल्क राशि 100 रुपए का रेखांकित पोस्टल आर्डर या बैंक का डिमांड ड्राफ्ट जमा करवाना आवश्यक होगा, जो आयुक्त या अधिशाषी अधिकारी के पक्ष में देय होगा। निर्धारित शुल्क के अभाव में आवेदन पत्र स्वत: निरस्त माना जाएगा। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 50 रुपए देय होगा। अभ्यर्थी द्वारा कोई गलत दस्तावेज तथ्य प्रस्तुत किए जाने के आधार पर नियुक्ति हो जाने के बाद ऐसे प्रस्तुत दस्तावेज तथ्य ज्ञात होने पर अभ्यर्थी की नियुक्ति स्वत: निरस्त हो जाएगी तथा इसके लिए चयनकर्ता संबंधित अधिकारी जिम्मेदार नहीं होंगे। रिक्त पदों की संख्या विभाग द्वारा घटाई बढ़ाई जा सकती है।

खबरें और भी हैं...