कार-स्कूटी पर सीमेंट की बोरियों से भरा ट्रेलर पलटा, पांच जिंदा बचे
बिलाड़ा (जोधपुर) | बिलाड़ा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर खड़ी कार व स्कूटी पर सीमेंट से भरा ट्रेलर पलट गया। हादसे में पांच लोग दब गए। शहरवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित निकाल लिया। हालांकि पांचों ही घायल हो गए। दो को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया है। कार में तीन लोग व स्कूटी पर दो जने बैठे थे। दुर्घटना में भंवरलाल सीरवी पुत्र लाबुराम उम्र 48, हेमंत सीरवी पुत्र सोहनलाल उम्र 16, रितिक पुत्र संजय सीरवी उम्र 6 साल, संजय पुत्र रणछोड़राम उम्र 29 व महेंद्र पुत्र भंवरलाल सीरवी उम्र 21 घटना में घायल हुए। रितिक व भंवरलाल को जोधपुर रेफर किया गया। महेंद्र व संजय को मामूली चोटें आई। इस दौरान दो जेसीबी व क्रेन को भी बुलाया गया। मौके पर पुलिस उपअधीक्षक सेठाराम बंजारा, थानाधिकारी गौतम जैन सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
लोग तमाशबीन नहीं बने, युवकों ने कट्टे उठाकर दूर फेंके, जो दबे थे थोड़ी देर में ही बचा लिए गए
घटना के बाद नगरवासियों में जोरदार एकता देखने को मिली। हर समुदाय के लोगों ने कार के ऊपर पड़े कट्टों को फटाफट हटाया और नीचे दबे लोगों को समय रहते निकाल लिया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। युवाओं ने एक एक कट़्टे को उठा-उठा कर दूर फेंका और लोगों काे निकालने में बड़ी भूमिका निभाई।
सीमेंट के कट्टों के नीचे दबी कार व स्कूटी।
हैदराबाद से आये बेटे को रिसीव करने आए थे पिता : भंवरलाल सीरवी अपने बेटे महेंद्र व रिश्तेदार हेमंत को रिसीव करने बस स्टैंड आए थे। परिवार में शादी में शामिल होने दोनों ही हैदराबाद से आए थे। रिसीव करने के बाद महेंद्र व हेमंत कार में बैठ भी गए थे लेकिन रवाना होते उससे पहले ही ट्रेलर आकर कार पर गिर गया। गनीमत रही की ट्रेलर गिरने के बाद कार थोड़ी खिसक गई लेकिन सीमेंट के कट्टे कार पर गिर गए। कार पूरी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं स्कूटी पर संजय व उसका पुत्र ऋतिक था। संजय रिश्तेदार भंवरलाल को देखकर रुक गया। हादसे के बाद ड्राइवर व खलासी दोनों भाग गए। ट्रेलर के केबिन में शराब की बोतलें मिली।