ट्रक में भरे ठंडी गैस के सिलेंडर में लीकेज दमकल से 2 घंटे तक पानी डाल काबू पाया
झालरापाटन| भिवाड़ी से ट्रक में गैस भरकर चेन्नई जाते समय शनिवार दोपहर में नेशनल हाइवे 52 पर गिंदौर रेलवे ट्रैक के पास एक सिलेंडर लीकेज हो गया। पीछे चल रहे बाइक सवार ने चालक को बताया तो वह बीच सड़क पर ट्रक खड़ा करके एक तरफ चला। मौके पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों संबंधित विभाग से चर्चा की। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले गए। वहां 2 घंटे तक दमकल से पानी डाला गया।
ट्रक चालक मोहम्मद तारीफ ने बताया कि एसी, फ्रीज व अन्य उपयोग में ली जाने वाली ठंडी गैस के 750 किलो क्षमता के 12 सिलेंडर ट्रक में भरकर चेन्नई जा रहा था। दोपहर में ढाई बजे रेलवे ब्रिज के पास पीछे से आए बाइक सवार ने ट्रक में सिलेंडर में लीकेज होने के बारे में बताया। हड़बड़ाहट में वाहन रोककर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आ गए। उन्होंने संबंधित विभाग से बात कर गैस के संबंध में जानकारी ली। उसमें पता चला कि सिलेंडर पर 2 घंटे तक लगाकर पानी डालने से उसमें भरी गैस जमेगी। इसके बाद ट्रक को सड़क से एक तरफ ले गए और दमकल बुलाकर उस पर पानी डालना शुरू कर दिया। शाम 6 बजे तक उस पर पानी डालने की प्रक्रिया चल रही थी। ट्रक में सिलेंडर रिसाव का पता चलने सीआई हीरालाल सैनी पहुंचे और दोनों तरफ से वाहनों को दूर ही रोक दिया। कलेक्टर-एसपी भी आ गए। उन्होंने संबंधित विभाग से गैस के बारे में जानकारी मालूम की और उनके निर्देश पर गैस से भरे ट्रक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचवाया।
झालरापाटन. सिलेंडरों से भरा ट्रक। ठंडा करते दमकलकर्मी।
भास्कर नॉलेज
ठंडी गैस एयर कंडीशनर व फ्रीज के कंम्प्रेशर में डालते है, जो कूलिंग करने के काम आती है। टेक्नीशियन आकाश ने बताया कि ऐसी और फ्रीज में कूलिंग के लिए फ्लोरोन गैस भरी जाती है।