देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में 11 अवैध वेंडर्स मिले
कोटा| ट्रेनों में चलने वाले अवैध वेंडर्स पर कार्रवाई को लेकर रेलवे मजिस्ट्रेट राकेश गोयल की टीम ने शनिवार को देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन पर छापा मारा। इस दौरान ट्रेन के स्लीपर कोचों से 11 अवैध वेंडर्स पकड़े गए। उनके बिना टिकट होने पर 3630 रुपये व 11000 रुपये जुर्माना किया गया।
देहरादून से बांद्रा जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस में कोटा रेलवे मजिस्ट्रेट राकेश गाेयल, टीटीआई कुलदीप हांडा, आरपीएफ हैड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह ने भवानीमंडी रेलवे स्टेशन के पास एक-एक स्लीपर कोच को चेक किया। टीम का सहयोग शामगढ़ आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रमेश सिंह ने किया। ट्रेन के अधिकांश स्लीपर कोच में अवैध वेंडर्स मिले। 11 अवैध वेंडर्स को पकड़ लिया गया। अवैध वेंडर्स कोई आईसक्रीम तो कोई पानी की बोतल, नमकीन, ककड़ी, मूंगफली बेच रहा था। ट्रेन जब शामगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उन्हें ट्रेन से प्लेटफार्म पर उतार लिया गया। बिना टिकट होने पर उनसे 3630 रुपये राजस्व वसूला गया। उनकी चार्जशीट भरकर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। उन्होंने प्रत्येक अवैध वेंडर्स पर एक-एक हजार रुपये जुर्माना किया। यानी 11000 रुपये जुर्माना किया गया। कुल 14630 रुपये वसूले गए।