कांकरिया में रास्ता दुरुस्त करने के बाद नहीं डाली ग्रेवल, ज्ञापन भेजा
भास्कर न्यूज | कांकरिया (बाघोली)
कांकरिया में बस स्टैंड से दलेलपुरा सीमा तक के रास्ते में मनरेगा के तहत ग्रेवल नहीं डाली गई है। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड 6 की पंच अनिता मीणा ने बताया कि मैन बस स्टैंड से लेकर राजपूतों के मोहल्ले, महेश शर्मा, सांवरमल सैनी के घर की बगल से पानी सप्लाई के पंप हाउस से होते हुए काटली नदी पार मीणों की ढाणी दलेलपुरा सीमा तक ग्राम पंचायत ने मनरेगा के तहत रास्ता दुरुस्त करवाया था।
मिट्टी लेवलिंग का कार्य नवंबर 2017 में पूरा कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ग्रेवल नहीं डालने से रेत ही रेत होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। इस बारे में प्रधान मनीषा गुर्जर, सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को भी अवगत करवा दिया, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों है। सूबेदार मेजर बनवारीलाल सैनी ने खेतड़ी बीडीओ को ग्रेवल सड़क बनाने के लिए ज्ञापन भेजा है।