पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • आप ऊर्जामंत्री थे तब खेतड़ी में सर्वाधिक वीसीआर भरी गई थी, मैंने सबसे ज्यादा आवाज उठाई : सैनी

आप ऊर्जामंत्री थे तब खेतड़ी में सर्वाधिक वीसीआर भरी गई थी, मैंने सबसे ज्यादा आवाज उठाई : सैनी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डॉ. जितेंद्र सिंह : आपने पिछले चार साल में क्या काम किया, चुनाव के समय आपने जो वादे किए थे, वो सभी भूल गए। अब तो कांग्रेस की सरकार बनने वाली है, जनता आपको वोट क्यों देगी?

- पूरणमल सैनी : मैंने चार साल में खेतड़ी के लिए दो स्टेट हाइवे मंजूर करवाए। दो राज्यों को जोड़ने वाले बसई पुल का निर्माण कार्य शुरू करवाया, पशु चिकित्सालय खुलवाए तथा स्कूलों को क्रमोन्नत करवाया। खेतड़ी में बर्ड सेंचुरी खुलवाना सबसे बड़ी उपलब्धि है। मैने जनता की भावना का आदर किया है। खेतड़ी की जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाई, इसलिए जनता मुझे वोट देगी।

डॉ. िसंह : डिस्कॉम अधिकारी मनमर्जी कर रहे हैं। 7000 लोगों की वीसीआर खेतड़ी क्षेत्र में भरी जा चुकी है, आपने विधायक होने के नाते किसानों की आवाज विधानसभा में क्यों नहीं उठाई?

- सैनी : आप ऊर्जा मंत्री थे, तब खेतड़ी में सबसे ज्यादा वीसीआर भरी गई। जैसे ही कांग्रेस सरकार गई उसके बाद उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए। कांग्रेस की सरकार ने किसानों को कनेक्शन तक नहीं दिए। मैंने विधानसभा में सबसे ज्यादा प्रश्न जनता के हित में उठाए तथा जनहित की लड़ाई लड़ी।

डॉ. सिंह : मेरे कायर्काल में मेहाड़ा में कन्या कॉलेज के लिए 12 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाई थी, जिसका भूमि आवंटन भी हो चुका है लेकिन इसका कार्य अभी भी शुरू नहीं हुआ है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए आपने इस दिशा में क्या प्रयास किया?

-सैनी : मेहाड़ा में कन्या महाविद्यालय के लिए मैंने काफी आवाज उठाई तथा वर्तमान में इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा।

डॉ. सिंह : आपके परिवार के लोग आपके नाम का दुरुपयोग प्रशासन पर रौब जमाने के लिए करते हैं?

-सैनी : मेरे परिवार के किसी भी सदस्य ने मेरे नाम का दुरुपयोग तो क्या, उपयोग तक नहीं किया। हमने खेतड़ी के लोगों को सुरक्षा प्रदान की। सीसीटीवी लगवाए। शांति का वातावरण कायम हुआ।

डॉ. सिंह : खेतड़ी में सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं, नई सड़कें बनाना तो दूर की बात, पुरानी सड़कों पर पेचवर्क भी नहीं किया गया?

-सैनी : पिछले दस साल में खेतड़ी में जितनी सड़कें बनी है, उससे 304 किलोमीटर अधिक सड़क पिछले चार साल में बनाई गई।

पूरणमल सैनी

पूरणमल सैनी बसपा से खेतड़ी के विधायक हैं। गाडराटा के सरपंच रहे हैं। लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। 2013 में कांग्रेस के डाॅ. जितेंद्र सिंह को हराया था। विधायक होने के कारण क्षेत्र की समस्या उठाना दायित्व है।

डाॅ. जितेंद्र सिंह पेशे से डाॅक्टर हैं। 2008 से 2013 तक गहलोत सरकार में पीएचईडी, ऊर्जा मंत्री तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री थे। कद्दावर नेताओं में गिनती होती है। इसलिए क्षेत्र की समस्याएं उठाना फर्ज बनता है।

डाॅ. जितेंद्र सिंह

सैनी-अापने खेतड़ी के लोगों को बांटने का काम किया?

डॉक्टर की कोई जाति नहीं होती, सियासी फायदे के लिए विरोधी ऐसे शगूफे छोड़ते हैं : डॉ. सिंह

सैनी : आप कांग्रेस सरकार में ऊर्जा मंत्री, पीएचईडी समेत उच्च पदों पर रहे, आपने कौन सा तीर मार लिया, तब खेतड़ी के किसानों का ख्याल क्यों नहीं आया?

-डॉ. जितेंद्र सिंह : खेतड़ी को विकास की पटरी पर हम लेकर आए। खेतड़ी में पेयजल के लिए 550 करोड़ करोड़ की कुंभाराम लिफ्ट परियोजना, बबाई जीएसएस, मावंड़ा-बबाई सड़क तथा बबाई में दुग्ध डेयरी समेत विकास की अनेक योजना हमने शुरू की। कई काम रुक गए। आपने विधानसभा में आज तक कोई सवाल नहीं उठाया।

सैनी : सरकार में उच्च पदों पर रहने के बावजूद आपने खेतड़ी पर ध्यान क्यों नहीं दिया?

-डॉ. सिंह : आपके कहने से क्या होता है। खेतड़ी में पानी लाने के लिए कुंभाराम परियोजना, बिजली के लिए सूरतगढ़ थर्मल प्लांट से खेतड़ी को जोड़ने, प्रत्येक पंचायत को पीएचईडी से जोड़ने का काम किया। इस बार कांग्रेस की सरकार आएगी, मैं सीनियर एमएलए रहूंगा। युवाओं को रोजगार एवं खेतड़ी का विकास प्राथमिकता है।

सैनी : आप खेतड़ी का उपयोग चुनाव लड़ने तक करते हैं, बाकी समय तो नीमकाथाना व जयपुर रहते हैं?

-डॉ. सिंह : मेरे पिताजी डॉक्टर थे। उन्होंने खेतड़ी के लोगों की सेवा की। मेरा बचपन खेतड़ी में बीता। मैंने प्रारंभिक पढ़ाई भी खेतड़ी में ही की है। खेतड़ी से मेरा बचपन से लगाव है और रहेगा। मैं खेतड़ी का उपयाेग चुनाव लड़ने के लिए ही नहीं, इस क्षेत्र की जनता की सेवा करने के लिए करता हूं। नीमकाथाना और खेतड़ी एक दूसरे से आपस में जुड़े हुए हैं।

सैनी : आपके राज में एक जाति विशेष के लोग हावी हो जाते हैं। ऐसा क्यों?

-डॉ. सिंह : यह बकवास है। प्रदेश में कई महीनों गुर्जर आरक्षण आंदोलन चला, लेकिन खेतड़ी में एक भी दंगा नहीं हुआ। मैं जाति की राजनीति नहीं करता। पिछले चुनाव में कुछ लोग बहाने बना कर चुनाव जीत गए थे। बसपा के लोग गलती से जीत गए थे। इस बार जनता ऐसा नहीं होने देगी।

सैनी : आपने खेतड़ी के लोगों को बांटने का काम किया?

-डॉ. सिंह : डॉक्टर की कोई जाति नहीं होती। वह सर्व समाज का होता है। मैंने किसी को बांटने का काम नहीं किया। यह विरोधियों की चाल है जो सियासी फायदे के लिए ऐसे शगूफे छोड़ते हैं।

खबरें और भी हैं...