पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जनसंवाद; भादसोड़ा में सीएचसी व शनिमहाराज कपासन तक 22 किमी सड़क बनेगी, भूरूपांतरण से भी रोक हटेगी

जनसंवाद; भादसोड़ा में सीएचसी व शनिमहाराज-कपासन तक 22 किमी सड़क बनेगी, भूरूपांतरण से भी रोक हटेगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | सांवलियाजी

जिले में जनसंवाद के लिए रविवार को सांवलियाजी पहुंची मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कपासन विधानसभा क्षेत्र के जनसंवाद में भादसोड़ा में सीएचसी खोले जाने सहित कपासन से शनिमहाराज आली तक नई सड़क बनवाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सांवलियाजी में भूरूपांतरण पर 20 साल से लगी रोक भी हटाने की बात कही। मातृकुंडियां में बन रहे परशुराम पैनोरमा के निर्माण में सांवलियाजी मंदिर मंडल द्वारा अब तक राशि नहीं दिए जाने पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने मंदिर मंडल अध्यक्ष से भी इस बारे में बात की।

जिले के मातृकुंडियां में परशुराम पैनोरमा बनवाने और परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने पर रविवार को यहां आईं मुख्यमंत्री वसुंधराराजे का लोगों ने चुंदड़ ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान परशुराम पैनोरमा के लिए सांवलियाजी मंदिर मंडल की ओर से राशि उपलब्ध नहीं कराने पर सीएम की नाराजगी भी सामने आई। सीएम जयपुर से यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी के साथ हेलीकॉप्टर में यहां पहुंची। स्वागत के दौरान उन्होंने सरपंच कन्हैयादास वैष्णव से मातृकुंडियां में परशुराम पैनोरमा के लिए मंदिर मंडल की ओर से अब तक राशि उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जाहिर की। जब वैष्णव ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे अब मंदिर मंडल अध्यक्ष नहीं हैं तो राजे ने कृपलानी को कहकर वर्तमान अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा को बुलाया और बात की। बाद में इस विषय को लेकर मंदिर बोर्ड में दिनभर मंथन चला।

सरपंच कन्हैयादास वैष्णव ने सांवलियाजी मंदिर विस्तार योजना के कारण कस्बे में करीब 20 साल से भूरूपांतरण पर लगी रोक हटाने एवं बालिका माध्यमिक विद्यालय को सीनियर में क्रमोन्नत करने की मांग की। हेलीपेड पर सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या व अर्जुनलाल जीनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, सरपंच कन्हैयादास वैष्णव, सांवलियाजी मंदिर मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा, कलेक्टर इंद्रजीतसिंह , एसपी पीके खमेसरा ने अगवानी की। देवस्थान बोर्ड अध्यक्ष एसडी शर्मा व सांसद सहित ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने एवं मातृकुंडियां में परशुराम पैनोरमा बनाने के निर्णय पर सीएम को लाल चुंदड़ ओढ़ाकर आभार जताया। सांवलियाजी मंदिर वैदिक विद्यालय के बटुकों ने वेद मंत्रों के साथ स्वागत किया। सीएम ने जनसंवाद समाप्त होने के बाद शाम को सांवलियाजी के दर्शन किए तथा रात्रि विश्राम भी यहीं किया।

(पेज 14 भी देखें)

सीएम ने शाम को किए सांवला के दर्शन

रोगी वाहन समय पर नहीं पहुंचते, इसलिए रोडवेज बसों में भी मरीजों को निशुल्क यात्रा पास का सुझाव

चित्ताैड़गढ़. सीएम वसुंधराराजे का जिले में जनसंवाद पहले दिन रविवार को कपासन विधानसभा क्षेत्र के भादसोड़ा चौराहा़ स्थित प्राकट्य स्थल पर हुआ। जिसमें उन्होंने पहले सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, प्रोफेशनल्स व प्रबुद्ध लोगों और उसके बाद पार्टी की मंडलवार बैठकें कर फीडबैक लिया। मोटे तौर पर लोगों को योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं होने की बात सामने आई। साथ ही जनसंवाद में यह बात भी उठी कि अक्सर समय पर मरीजों को एंबुलेंस नहीं मिल पाती, ऐसे में उन्हें अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए रोडवेज बसों में भी मरीजों को निशुल्क यात्रा का सुझाव दिया गया। सीएम मंदिर धर्मशाला की दूसरी मंजिल पर जनसंवाद में पहुंचने से पूर्व टेंट में कतारबद्ध लोगों से मिलीं और ज्ञापन लिए। सबसे पहले योजनाओं के लाभार्थियों व प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया। सीएम ने पूछा कि डॉक्टरों को इलाज में क्या परेशानी आती है। कपासन के एक चिकित्सक ने कहा कि मरीजों को 104 और 108 एंबुलेंस से लाया जाता है, लेकिन कई बार एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने में परेशानी आ जाती है। कपासन के एक आयुर्वेद चिकित्सक ने कहा कि रोडवेज बसों में मरीजों को आने-जाने का निशुल्क पास मिल जाए तो लोगों को राहत मिलेगी। सीएम ने इस सुझाव को गंभीरता से नोट किया। जनसंवाद में सीएम के साथ मंत्री श्रीचंद कृपलानी, क्षेत्रीय विधायक अर्जुनलाल जीनगर, विधायक चित्ताैड़गढ़ चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, जिला प्रमुख लीला जाट, डेयरी चेयरमैन बद्री जाट, उपजिला प्रमुख पिंकी अहीर मौजूद रहीं। सोमवार को निंबाहेड़ा में जनसंवाद होगा। सीएम का आज निंबाहेड़ा में जनसंवाद होगा। इसके बाद वे यहीं रात्रि विश्राम करेंगी।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और यूडीएच मंत्री कृपलानी का सांवलियाजी पहुंचने पर स्वागत करते स्थानीय जनप्रतिनिधि व मंदिर मंडल पदाधिकारी।

9 करोड़ की धर्मशाला, कृष्ण सुदामा निकुंज का लोकार्पण... सीएम ने प्राकट्य स्थल पर 9 करोड़ रुपए से बने सांवलिया धाम धर्मशाला, श्री कृष्ण सुदामा निकुंज एवं अपना बाजार का लोकार्पण किया। मंदिर मंडल अध्यक्ष डाॅ. शांतिलाल मेहता, उपाध्यक्ष बाबूलाल ओझा, महामंत्री नरेंद्र खेरोदिया, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल आदि ने स्वागत किया।

सचिव ढूंढते रहे लाभार्थियों को, अधिकारी फाइलें लेकर जमे रहे ... जनसंवाद में सबसे पहले लाभार्थियों से संवाद के कारण उनको लाने में संबंधित पंचायतों के सचिव जुटे रहे। सचिवों ने अपने स्तर पर लाभार्थियों के परिचय पत्र भी बनाए। जिले के सभी विभागों के अधिकारी व अधीनस्थ कर्मचारी भी जरूरी रिकॉर्ड व फाइलें लेकर संवाद स्थल के बाहर बैठे रहे।

सीएम के हाथों स्कूटी व उपकरण वितरित ... सीएम ने निर्माण श्रमिक योजना में पांच लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक दिए। कपासन की प्रज्ञा चंडालिया व दीपिका खटीक को स्कूटी दी। दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, स्मार्ट केन, एमएसआईडी किट व श्रवणयंत्र भी भेंट किए।

चुनाव की चर्चा नहीं, सिर्फ योजनाओं की बात की... जनसंवाद में सीएम व प्रतिभागियों ने चुनाव पर कोई चर्चा नहीं की। उनका फोकस योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर दिखा। कपासन के एक छात्र ने कॉलेज की छत टपकने की शिकायत की तो सीएम ने पीडब्लूडी एक्सईएन को ठीक कर रिपोर्ट देने को कहा।

खबरें और भी हैं...