18 को होगा ब्राह्मण महासम्मेलन और छात्रावास का शिलान्यास
झालावाड़. महासम्मेलन, छात्रावास शिलान्यास समारोह की जानकारी देते अतिथि।
झालरापाटन| परशुराम जन्मोत्सव पर 18 अप्रैल को अखिल भारतवर्षीय गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा एवं विप्र फाउंडेशन की ओर से महर्षि गौतम ब्राह्मण हित संरक्षण समिति के तत्वावधान में सामूहिक विवाह, सर्व ब्राह्मण महासम्मेलन तथा छात्रावास शिलान्यास समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
घनश्याम आचार्य ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को आमंत्रित किया है, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, सुशीलकुमार ओझा करेंगे। सहसंयोजक रामकुमार शास्त्री ने बताया कि समिति द्वारा भानपुरा पीठ के जगतगुरू शंकराचार्य दिव्यानंद तीर्थ एवं युवाचार्य ज्ञानानंद महाराज को आमंत्रित किया है। सम्मेलन के सफल संचालन के लिए समितियां बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी है। आयोजन समिति की ओर से शिलान्यास समारोह एवं महासम्मेलन में जिले में रहने वाले सभी ब्राह्मण वर्गों के जिलाध्यक्षों तथा ब्राह्मण संस्थाओं के जिलाध्यक्षों का सम्मान किया जाएगा। छात्रावास समिति अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के मुख्य संयोजक घनश्याम आचार्य ने बताया कि वर्ष 2007 में महर्षि गौतम ब्राह्मण हित संरक्षण समिति ने झालरापाटन में ब्राह्मण छात्रावास के लिए भूमि आवंटन के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर वर्ष 2008 में नियमानुसार डीएलसी दर पर समिति को 2 बीघा भूमि आवंटन के लिए राज्य सरकार के आदेश जारी हुए। समिति ने चालान द्वारा 2 लाख 3 हजार 475 रुपए जमा करवाकर रजिस्टर्ड करवाया। उसके बाद सरकार बदलने पर वर्ष 2009 में तत्कालीन सरकार ने समिति को किया गया भूमि आवंटन निरस्त कर दिया। समिति ने हाईकोर्ट से स्टे लेकर सरकार के आदेश के खिलाफ मुकदमा लड़ा। जिस पर न्यायालय ने वर्ष 2015 में समिति के पक्ष में फैसला दिया तथा समिति को किया गया भूमि आवंटन बहाल कर दिया। इस पर गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के सहयोग से 24 कमरों का छात्रावास निर्माण होना प्रस्तावित है।