कठुआ-उन्नाव कांड के विरोध में पैदल मार्च निकाला, एसडीएम को ज्ञापन दिया
छापर | नगर यूथ कांग्रेस व अांबेडकर युवा संगठन ने रविवार को कठुआ, उन्नाव व सूरत में मासूमों के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में पैदल मार्च निकाला तथा राष्ट्रपति के नाम एसडीएम दीनदयाल बाकोलिया को ज्ञापन देकर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया किया गया कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर में आठ साल की मासूम के साथ हुए जघन्य अत्याचार के बाद उन्नाव व सूरत में भी शर्मसार करने वाली घटनाएं हुई जो देश के लिए चिंताजनक विषय है। देश-प्रदेश में बढ़ रहे बाल अत्याचार के खिलाफ ठोस कार्यवाही नहीं होने से अपराधियों के हौंसले बुलंद होते जा रहे जो चिंताजनक है। दुष्कर्म जैसी घटनाओं की पुनरावृति ने हो इसके लिए त्वरित प्रभाव से दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए, ताकि समाज में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इससे पूर्व युवा कांग्रेस के रामकरण जाट, अमित मोदी, शिवप्रसाद जाट, कन्हैयालाल मेघवाल, मनोज सोनी, गोवर्धन परिहार, याकूब लीलगर, देवेश, जितेन्द्र पंवार, लाली चांवरिया, प्रमोद जोशी, असलम लीलगर, मुस्ताक भाटी, नदीम हुसैन, कलीम लीलगर, रूस्तम ईलाही, मोहम्मद सफी, अन्नाराम रैगर, अांबेडकर युवा संगठन के चंचल गुरड़ा, मुकेश, अशोक कुमार, सुभाष चायल, विनीत बरोड़, पुखराज, दिलीप गुरड़ा व मुकेश घूंघरवाल आदि शामिल हुए।