तीन साल से एक ही जगह जमे पुलिस जवानों का होगा तबादला
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
अधिकारियों से साठ-गांठ कर लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के तबादले होंगे। एसपी ने इसके लिए आवेदन मांगे हैं। दरअसल, यह सब कवायद विधानसभा चुनाव को देखते हुए की जा रही है। इसके तहत तीन साल तक एक ही थाना, चौकी, यातायात, सीओ कार्यालय में कार्यरत एएसआई, हैड कांस्टेबल व कांस्टेबल का तबादला किया जाएगा। जिले में करीब दो साल से एएसआई, हैड कांस्टेबल तथा कांस्टेबल के तबादले नहीं हुए हैं। केवल उन जवानों के तबादले हुए थे जो पदोन्नत होकर हैड कांस्टेबल बने। काफी समय से एक ही जगह रहने से कई पुलिस जवानों की लगातार शिकायत आ रही हैं। कई जवान ट्रैफिक व मनपसंद थानों से दूसरी स्थान पर नहीं जा रहे हैं। इस कारण पुलिस विभाग में उनकी दखलंदाजी बढ़ रही है। जिले में एएसआई, हैड कांस्टेबल व कांस्टेबल के रूटीन तबादले सितंबर 2016 में हुए थे। उसके बाद कुछ थानाधिकारी जरूर बदले। पुलिस जवान तबादले के लिए इच्छित स्थान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अपना वृत्त क्षेत्र छोड़ कर तीन मनपसंद स्थानों के नाम आवेदन में लिख कर दे सकते हैं।