गर्मियों में ट्रेन से दिल्ली, इंदौर, मुंबई और दक्षिण में जाना आसान
भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़
रेलवे ने गर्मियों में अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए चार अतिरिक्त समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। एक अप्रैल बाद से इनके फेरे शुरू हो गए हैं, जो जून तक चलेंगे। जयपुर-हैदराबाद ट्रेन को भी जून तक बढ़ाया है। इससे चित्तौड़गढ़ के यात्रियों सहित ग्रीष्मकाल में घूमने-फिरने वालों को मुंबई, दिल्ली, इंदौर और दक्षिण भारत तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
पश्चिम रेलवे मंडल वाणिज्यिक निरीक्षक एनके जोशी ने बताया कि उदयपुर-बांद्रा स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन 09058 प्रति बुधवार रात 9:35 बजे उदयपुर से रवाना होकर रात 11:40 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंच रही है। यहां से 11:50 बजे रवाना होकर रतलाम 3:30 बजे, बड़ौदा सुबह 8:05 बजे, सूरत 10:27 बजे, बांद्रा 14:55 बजे पहुंचती है। वापसी में बांद्रा से यह ट्रेन नंबर 09057 से प्रति मंगलवार 22:50 बजे चलकर सुबह 3:50 बजे सूरत, 10 बजे रतलाम व दोपहर 14:50 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंच रही। यहां से यह ट्रेन 15 बजे रवाना होकर 18:10 बजे उदयपुर पहुंचती है। एक अन्य बांद्रा स्पेशल ट्रेन नंबर 09723 प्रति बुधवार जयपुर से सुबह 8:20 बजे चलती है। जो 10:45 बजे अजमेर व 14:10 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंच रही है। चित्तौड़गढ़ से ये ट्रेन 14:15 बजे रवाना होकर रतलाम, बड़ौदा, सूरत होते हुए सुबह 4:45 बजे बांद्रा पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन बांद्रा-जयपुर नंबर 09724 सुबह 6:15 बजे रवाना होकर बड़ौदा, सूरत, रतलाम होते हुए 19:50 बजे चित्तौड़ पहुंचती है। यहां से 20:55 बजे भीलवाड़ा, अजमेर होते हुए रात 1:25 बजे जयपुर पहुंच रही है।
रेलवे ने जयपुर-हैदराबाद स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन को भी जून तक बढ़ाया है। जयपुर-हैदराबाद ट्रेन नंबर 02732 प्रति रविवार 20:45 पर चित्तौड़ आकर 21:05 पर प्रस्थान करती है। इसी तरह वापसी में हैदराबाद-जयपुर ट्रेन नंबर 02731 प्रति शनिवार रात 11:20 बजे यहां आती है। जिसका रवानगी समय 11:35 है। रेलवे ने प्रति शनिवार व सोमवार दिल्ली-इंदौर स्पेशल ट्रेन चलाई है। जो नंबर 09302 से दिल्ली सराय रोहिल्ला से 14:30 बजे रवाना होकर गुड़गांव, अलवर, जयपुर, अजमेर होते हुए प्रति रविवार व मंगलवार को भीलवाड़ा 1:58 बजे व चित्तौड़गढ़ 3:20 बजे आती है। यहां से 3:25 बजे रवाना होकर रतलाम, बड़नगर, इंदौर 9:10 बजे पहुंच रही है। इसी तरह इंदौर-दिल्ली स्पेशल ट्रेन नंबर 09301 प्रति शुक्रवार व रविवार को इंदौर से शाम 7:20 बजे रवाना होकर बड़नगर होते हुए शनिवार व सोमवार की रात 1:15 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंचकर 1:20 बजे रवाना होती है। यह ट्रेन भीलवाड़ा 2:10 बजे, विजयनगर 3:11 बजे, अजमेर 4:38 बजे, जयपुर सुबह 7:20 बजे, अलवर 10:35 बजे, गुड़गांव 12:18 बजे और दिल्ली दोपहर 13:20 बजे पहुंचती है।
सुविधा
रेलवे ने प्रति सप्ताह बांद्रा के लिए जयपुर व उदयपुर से और दिल्ली के लिए इंदौर से दो ट्रेनें चलाईं
बुधवार को मुंबई के लिए अब तीन ट्रेनें... रेलवे द्वारा समर वैकेशन स्पेशल के बतौर बांद्रा के लिए चलाई दोनों ट्रेन चित्तौड़गढ़ से बुधवार को रवाना होती है। उल्लेखनीय है कि उदयपुर-बांद्रा नियमित ट्रेन का फेरा भी यहां से बुधवार को ही है। इस तरह बुधवार को मुंबई के लिए तीन ट्रेन हो गईं। जिसमें से दो तो रात में महज 10 मिनट के अंतराल में ही है।