जीप को बचाने के प्रयास में बजरी से भरा डंपर पलटा, दो लोग घायल
सलूंबर रोड स्थित सुकली नदी पुलिया पर बीती रात 8 बजे अवैध खनन कर बजरी से भरा हुआ डंपर अचानक नदी पुलिया किनारे नीचे पलट गया। सामने से आ रही जीप को बचाने के प्रयास में हादसा हुआ। इसमें चालक और खलासी को मामूली चोटें आई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जबकि सूचना के बाद भी पुलिस और वन विभाग से कोई नहीं पहुंचा। बताया गया कि केसरियावाद नदी से बजरी भर कर रात में बजरी ले जा जा रही थी। मध्य रात्रि के बाद खनन माफिया दो जेसीबी और अन्य संसाधनों से डंपर को लेकर चले गए, बजरी मौके पर ही बिखरी पड़ी है। सुबह 10 बजे धरियावद थाने से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां डंपर नहीं मिला। वन विभाग के कर्मचारी भी पहुंचे लेकिन खनन विभाग से कोई मौके पर नहीं आया।
पर्यावरण हो रहा प्रभावित
पहाड़ी और जंगल का क्षेत्र होने से जगह-जगह नदी, नाले, तालाब, एनीकट से बड़ी मात्रा में बजरी एकत्रित होती है। महज धरियावद क्षेत्र से पुरे संभाग में बीना रोक टोक बजरी जाती है, इसके साथ ही अवैध माइनिंग पर डंपर भरकर जा रहे हैं जिससे क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन दिनों-दिन बिगड़ता जा रहा है। विगत सालों में क्षेत्र का तापमान 45 से 46 डिग्री तक बढ़ चुका है। वहीं दिनो दिन बरसात भी कम होती जा रही है, पहाड़ और जंगल घटते जा रहे हैं, जिससे सीधा पर्यावरण पर असर पड़ रहा है।
धरियावद में बजरी से भरा डंपर पल्टा।
लोग बोले : अवकाश के दिन धड़ल्ले से होता है अवैध खनन
राजकीय अवकाश के दिन और खासकर शनिवार, रविवार को संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय पर नहीं मिलते हैं। इसके कारण क्षेत्र में भारी तादाद में बजरी व पत्थर का दोहन होता है। बीते सप्ताह आधा दर्जन से भी अधिक जेसीबी चलने की सूचना पारसोला क्षेत्र से दी गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों के आने की सूचना पहले ही मिल जाने से मौके पर एक भी जेसीबी, ट्रैक्टर नहीं मिला।