- Hindi News
- National
- 12 घंटे में 2 बार हाईटेंशन लाइन टूटी, पहले 6 दुकानें जलीं, फिर 3 जने बाल बाल बचे
12 घंटे में 2 बार हाईटेंशन लाइन टूटी, पहले 6 दुकानें जलीं, फिर 3 जने बाल-बाल बचे
मुख्य बाजार में शनिवार रात करीब 2 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर दुकानों के ऊपर गिर गया। हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से हुई निकली भीषण स्पार्किंग से दुकानों पर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग से करीब आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गई। वहीं लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना लोगों को तत्काल पता नहीं चल सकी। पुलिस की रात को गश्त की गाड़ी निकली तो बाजार में आग की लपटें दिखाई थी। पुलिस ने आग की भयावय स्थिति को देख तुरंत ही बसईनवाब बिजलीघर पहुंच कर बिजली कर्मचारियों से लाइन कटवाई। इस दौरान आग लगने की जानकारी होने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। परन्तु जब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था, पुलिस ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड की गाड़ी को दी। इस पर समय पर फायरब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। गौरतलब है कि व्यापारियों की ओर से बार-बार शिकायत के बाद भी लाइन बदली नहीं जा रही है। इसको लेकर कई बार ज्ञापन के साथ ही धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी जा चुकी है। अब बड़ा नुकसान हो चुका है। लाखों रुपए के नीचे व्यापारी आ चुके हैं। ऐसे में अब व्यापारियों को रोष बढ़ता जा रहा है।
5 माह पूर्व हाईटेंशन लाइन टूटने से हो चुकी एक मौत, अब तक हुए कई हादसे
बसईनवाब. आग लगने के बाद दुकानों से निकलती लपटें।
इन दुकानों में लगी आग
कस्बा के मुख्य बाजार में रात को हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने से मनरूप पुत्र हरीसिंह कुशवाह, केशव पुत्र ओमप्रकाश, लाल सिंह पुत्र रामसाहय, श्यामू पुत्र रमुजीलाल, अंडीराम पुत्र होलीराम, झम्मन पुत्र पीतम सिंह जाटव, अमर सिंह पुत्र रामसिह, हरीशंकर पुत्र महाराज सिंह कुशवाह की दुकानों में रखा फल, सब्जी, तिरपाल, तख्त, वस्त्र, नगदी, खोखा आदि जलकर राख हो गए।
बसईनवाब. पीड़ितों से घटना की जानकारी लेती पुलिस व सरपंच।
कस्बा के मुख्य बाजार में हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर होने वाला यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पूर्व भी कस्बा का दुकानदार भजन लाल कोली हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट मे आ जाने से जान गंवा चुका है। पांच माह पूर्व ओमप्रकाश झा की दुकान में हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने से आग लग गई थी और एक ट्रक परिचालक पीलीभीत निवासी पप्पू वर्मा की मौत, तीन माह पूर्व एक ट्रक में तार टूटने से लगी आग आदि कई छोटी-बड़ी घटनाएं घटित हो चुकी हैं, परन्तु विद्युत विभाग ने फिर भी अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
वही तार फिर टूटकर गिरा, बाजार में हड़कंप भीड़ नहीं थे, इसलिए बच गए तीनों लोग
कस्बा के मुख्य बाजार में रविवार को फिर दोपहर दो बजे फिर उसी स्थान पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटा और करंट की चपेट मे आने से तीन लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत यह रही कि रात में लगने वाली आग के कारण बाजार ज्यादातर सूनसान पड़ा था। अन्यथा हादसा गंभीर भी हो सकता था। इस दौरान ग्रामीणों का कहना था कि धौलपुर डिस्कॉम की लापरवाही लोगों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। आग लगने की घटना की जानकारी सुबह बसईनवाब पुलिस चौकी के एचसी रामेश्वर गुर्जर, ग्राम पंचायत बसई नवाब के सरपंच प्रतिनिधि सुन्दर सिंह कुशवाह, ग्राम विकास अधिकारी नंदराम कुशवाह ने पीड़ितों से जानकारी कर नुकसान का आंकलन कर प्रशासन से मदद करने का भरोसा दिलाया।