काली पट्टी बांध बीएलओ कार्य से मुक्ति की मांग, 24 को एसडीएम को सौपेंगे कागजात
झुंझुनूं. काली पट्टी बांधकर बीएलओ कार्य का विरोध करते शिक्षक।
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
बीएलओ कार्य से मुक्त करने की मांग करते हुए जिले के आठों ब्लॉक्स में शिक्षकों ने काली पट्टी बांध संबंधित बूथ पर पहुंच कर विरोध जताया। शिक्षकों ने बताया कि 23 अप्रैल तक बीएलओ के कार्य से मुक्त नहीं किया गया तो 24 अप्रैल को वे निर्वाचन संबंधी कागजात एसडीएम को सौंप बीएलओ कार्य का बहिष्कार करेंगे।
शिक्षक संघ सियाराम के प्रदेश मुख्य महामंत्री राजकुमार मूंड ने बताया कि शिक्षकों से बीएलओ का कार्य नहीं करवाने के कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के निदेशक ने भी सभी कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों को बीएलओ कार्य से मुक्त कर दिया जाए लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत भी प्रावधान है कि शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य नहीं करवाया जा सकता। मूंड ने बताया कि जिले में 1500 से अधिक शिक्षकों को बीएलआे का कार्यभार सौंपा गया है। ऐसे में बीएलओ का चार्ज होने से शिक्षक अपना मूल काम नहीं कर पा रहे हैं। चनाना में सुपरवाइजर राकेश जांगिड़, बीएलओ हनीफ खान, राजेंद्र कुमार, जयप्रकाश, सुरेंद्र शेखावत ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।