चिराना में पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में मनाई अंबेडकर जयंती, शिविर में 141 यूनिट रक्तदान
विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने से गर्मा-गर्मी के माहौल के चलते अंबेडकर जयंती समारोह के दौरान पुलिस व प्रशासन को मौजूद रहना पड़ा। जानकारी के अनुसार अंबेडकर जयंती के मौके पर सुबह रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ सरपंच प्रियंका सैनी ने किया। 141 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शाम को अंबेडकर जयंती समारोह मनाया गया। नवलगढ़ तहसीलदार योगेश देवल, डीएसपी प्रभातीलाल, उदयपुरवाटी सीआई रामेश्वरलाल बगड़िया मय जाब्ता मौजूद रहे। शनिवार को शाम 7 बजे समारोह की समय सीमा समाप्त होने पर पुलिस के हस्तक्षेप से समारोह का समापन करवाया गया।
बगड़ | जयपहाड़ी पंचायत में अंबेडकर जयंती पर अंबेडकर भवन में हुए जयंती कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच विद्याधर काला थे। अध्यक्षता एमडी चोपदार ने की।
बाघोली/ चंवरा | किशोरपुरा व नेवरी के अंबेडकर भवन में अंबेडकर जयंती सर्व समाज की ओर मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनी समाज के जिलाध्यक्ष जगदीशप्रसाद सैनी थे। अध्यक्षता पूर्व अध्यापक भींवाराम ने की। विशिष्ट अतिथि आठ गांव सैनी समाज के अध्यक्ष केके सैनी व एडवोकेट महावीर प्रसाद सैनी थे।
खेतड़ी | राजोता ग्राम पंचायत के चिरानी में अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण हुआ। राजोता सरपंच मातूराम मेघवाल की अध्यक्षता एवं खेतड़ी विधायक पूरणमल सैनी के मुख्य आतिथ्य में समारोह हुआ। इधर, माधोगढ़ में अंबेडकर सामुदायिक भवन में अंबेडकर पुस्तकालय का उद्घाटन तेजपाल पदेवा की अध्यक्षता में हुआ। विधायक पूरणमल सैनी ने फीता काटा।
इंद्रपुरा | नांगल बस स्टैंड पर एसएफआई की तहसील इकाई ने कैलाश तंवर नेतृत्व में कैंडल जलाकर अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। सदस्यों ने कैंडल मार्च निकाला। उन्नाव व कठुआ दुष्कर्म मामले में दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इस मौके पर सीताराम, मनोज, ताराचंद नांगल, राकेश, शैतान सैनी आदि मौजूद थे।