आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 23 को सड़कों पर उतरेंगी
जयपुर | राज्यभर की आंगनबाड़ी महिला कर्मी 23 अप्रैल को प्रादेशिक आंदोलन करेंगी। चुनावी घोषणा पत्र में राज्य कर्मचारी बनाने, गत बजट का बढ़ाया मानदेय अब तक नहीं मिलने सहित अन्य मांगों को लेकर यह निर्णय किया गया है। अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ के संस्थापक संरक्षक छोटेलाल बुनकर ने रविवार आंगनबाड़ी प्रतिनिधि सभा की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में बताया कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी महिला कर्मियों को राज्य कर्मचारी बनाने, मानदेय बेहतर करने एवं एकमुश्त वार्षिक भत्ता देने का वादा किया था। इसे आज तक पूरा नहीं किया। इन्हें न्यूनतम वेतन के बराबर भी मानदेय नहीं दिया जा रहा है। जबकि मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व आंध्रप्रदेश में 10 हजार से अधिक मानदेय मिल रहा है। बुनकर ने आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए नई घोषणा तो दूर पूर्ववर्ती सरकार की घोषणाओं की भी पालना नहीं हो रही। आंगनबाड़ी महिलाएं 23 अप्रैल से राज्यभर में चुनावी वादा याद दिलाओ अभियान चलाएंगी। साथ ही विधायक, सांसद, मंत्री, सीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।