आमजन की समस्याओं का तत्परता से निवारण करें: प्रभारी मंत्री
सार्वजनिक निर्माण, परिवहन एवं जिले के प्रभारी मंत्री यूनुस खान ने राज्य व केन्द्र सरकार द्वारा संचालित फ्लैगशीप योजनाओं में आमजन को लाभान्वित करने एवं निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सोमवार रात को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं का तत्परता से निवारण करें और ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारी आमजन से नम्रतापूर्ण व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचे तथा इस बात का भी विशेषकर ध्यान रखें कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों का पैसा सीधे ही उनके खाते में पहुंचे।
आईटीअाई के कितने छात्रों को मिला रोजगार
प्रभारी मत्री ने राजकीय आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य को निर्देशित किया कि वे आगामी सात दिवस में आईटीआई कॉलेज से गत चार वर्षों में पास आउट उन छात्र-छात्राओं से पता करें कि आईटीआई कॉलेज से शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर कितने विद्यार्थियों को रोजगार मिला है। उन्होंने जिले में जेवीवीएनएल, सार्वजनिक निर्माण विभाग, आरयूआईडीपी, जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
प्रभारी मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि जिले में यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए नए रूटों पर निजी बस संचालकों को यात्री वाहन (मिनी बस) चलाने के लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे।
झालावाड़. जिला प्रभारी मंत्री को महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों के संबंध में सर्किट हाउस में ज्ञापन सौंपा।
मुआवजा राशि के स्वीकृति पत्र
बैठक के दौरान दरा-तीनधार एनएच 52 विस्तार क्षेत्र में आर रही भूमि को अधिग्रहित करने के एवज में 44 लाख रुपए के मुआवजा राशि के स्वीकृति पत्र प्रभारी मंत्री द्वारा हित धारियों को दिए गए। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि गागरीन तथा राजगढ़ पेयजल परियोजनाएं कार्यों में प्रगति लाई जाए ताकि अधिक से अधिक गांवों में पेयजल की समस्या से निजात मिल सके। इस दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा चिकित्सा, बिजली सहित अन्य विभागों की भी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डग विधायक रामचन्द्र सुनारीवाल ने बताया कि राजगढ़ परियोजना के अन्तर्गत 38 ऐसे गांव हैं, जहां पुरानी पाइप लाइन से ही वर्तमान में पानी की सप्लाई की जा रही है, जबकि 16 गांवों में पेयजल के लिए नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने इस दौरान जलदाय विभाग के एसई से कहा कि पुरानी पाइप लाइन कई जगह लीकेज की समस्या है, उसे दूर कर ठीक किया जाए। कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने व प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, जिला प्रमुख टीना कुमारी भील, एसपी आनन्द शर्मा, एडीएम भवानी सिंह पालावत, जिला परिषद सीईओ बीएल मीणा, एसडीएम पीसी रैगर, संजय जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
4 करोड़ 56 लाख के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
बकानी/रटलाई. संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने मंगलवार को कोटा-भोपाल स्टेट मेगा हाइवे 89 पर स्थित ग्राम पंचायत नसीराबाद, बड़बड़, रटलाई क्षेत्र के रिझोन में 4 करोड़ 56 लाख की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। सुराज गौरव यात्रा के पिपलिया तालाब के समीप पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद नवीन डामरीकरण रोड निर्माण का शिलान्यास किया। ग्रामीणों के पानी की समस्या बताने पर संसदीय सचिव ने विधायक कोष से टंकी टयूबवेल निर्माण की घोषणा की। साथ ही नरेगा में मजदूरी राशि नहीं मिलने की शिकायत पर जल्द ही राशि डलवाने का आश्वासन दिया। प्रहलादपुरा में महानरेगा योजना अंतर्गत निर्मित ग्रामीण गौरव पथ का लोकार्पण किया। नसीराबाद में गौरवपथ निर्माण का लोकार्पण, अन्नपूर्णा खाद्य भंडार का लोकार्पण किया। ग्रामीणों ने नई बस्ती में पेयजल की समस्या बताने पर विधायक कोष से टयूबवेल टंकी निर्माण की घोषणा की। निपानिया गुजरान में नवीन डामरीकरण रोड निर्माण का शिलान्यास किया।