एनएचएम प्रबंधकीय संविदाकर्मियों का अवकाश हाेने से भुगतान अटका
भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सा विभाग में विभिन्न स्तरों पर कार्यरत प्रबंधकीय संविदा कार्मिक बीपीएम, बीएचएस, लेखाकार, बीएनओ, कम्प्यूटर ऑपरेटर, आशा सुपरवाइजर व अन्य संविदा कार्मिक 48 दिन से नियमितिकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर कर रहे हैं, लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। इसका सीधा असर सरकारी योजनाओं पर पड़ रहा है। जिले में राजश्री योजना के तहत करीब साढ़े तीन हजार लाभार्थियों को प्रथम एवं दूसरी किश्तों का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संविदा के इस श्रेणी के जिले में 61 एवं प्रदेश में करीब चार हजार कार्मिक नियमितिकरण की मांग के संबंध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे हैं। एनएचएम प्रबंधकीय संविदा कार्मिक संघ जिला चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष राहुल जैन एवं राकेश शर्मा के अनुसार संविदा कार्मिक 10 साल से विभाग में अल्प मानदेय में कार्यरत है। सीएम ने सुराज संकल्प घोषणा पत्र में एनआरएचएम संविदा कर्मियों को नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इस कारण हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। वर्ष 2017 में 18 सितम्बर 2017 से 1 नवम्बर 17 तक लगभग 45 दिन हड़ताल पर थे। उक्त अवधि में संविदा कर्मियों ने प्रदेश के मंत्री, सांसद व समस्त विधायकों को ज्ञापन देने के साथ साथ उनसे समर्थन पत्र भी प्राप्त कर सरकार को सौंपे और 29 अक्टूबर को चिकित्सा मंत्री द्वारा लिखित समझौते में नियमितिकरण की मांग को अल्प समय में पूर्ण करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन महीने के बाद भी आशानुरूप प्रगति न होने से 26 फरवरी 18 से पुनः प्रबंधकीय संविदाकर्मी हड़ताल पर है। इधर इस कारण चिकित्सा विभाग की मुख्यमंत्री राजश्री योजना प्रथम व द्वितीय किश्त के करीब 3500 लाभार्थियों का 87 लाख भुगतान बकाया, जननी शिशु सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शुभ लक्ष्मी योजना का भुगतान व आशा सहयोगिनी का भुगतान, पल्स पोलियो भुगतान, पीसीटीएस, मिशन इन्द्रधनुष, 104 व 108 निरीक्षण सहित वित्तीय वर्ष 17-18 के बजट की समस्त गतिविधियों के भुगतान व उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों का ऑनलाइन- ऑफलाइन रिपोर्टिंग कार्य प्रभावित भी हो रहा है।
आज सांवलियाजी जाएंगे
यह संविदाकर्मी रविवार को सांवलियाजी में रविवार को जाएंगे और सीए को ज्ञापन सौंपेंगे।
चित्तौड़गढ़. कलेक्ट्रेट पर शनिवार को धरना देते हुए एनआरएचएम के संविदा कर्मचारी।