बाल विवाह रोकने के लिए बच्चों ने रैली निकाली, शपथ भी दिलाई
निजी स्कूलों के बच्चों द्वारा बाल विवाह की रोकथाम काे लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एसडीएम चंदन दुबे ने पंचायत समिति प्रांगण से झंडी दिखाकर रवाना किया। जो प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली। रैली स्काउट छात्रों, द सन पब्लिक स्कूल, कमला कॉन्वेंट स्कूल, न्यू स्टार पब्लिक स्कूल तथा न्यू एकलव्य इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई।
सारोला. राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल के छात्रों द्वारा बाल विवाह के प्रति लोगों को जागरूक करने काे लेकर रैली निकाली। प्रधानाचार्य रमेशचंद भील ने छात्रों को बाल विवाह के दुष्परिणाम के बारे में बताया। साथ ही छात्रों एवं स्कूल कार्मिकों काे जागरूक रहने की बात कही। प्रधानाचार्य ने बताया कि यदि कही बाल विवाह होता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत 1098 नंबर पर दे।
बाल विवाह रोकथाम के लिए रैली निकाली
झालरापाटन. राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मंडावर से एनएसएस इको क्लब के तत्वावधान में बाल विवाह की रोकथाम के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा रैली निकाली गई। जो पन्नालाल चौराहे से शुरू होकर पुराने थाने पहुंची। रैली को प्रधानाचार्य प्रकाशचंद सोनी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। संचालन इको क्लब प्रभारी सीताराम गौड़ एवं एनएसएस प्रभारी ओम प्रकाश शर्मा ने किया।
डग. बाल विवाह की रोकथाम को लेकर निकाली जागरूकता रैली।
सारोला. बाल विवाह की रोकथाम को लेकर जागरूकता रैली निकालते बच्चे।
झालरापाटन. बाल विवाह रोकथाम को लेकर निकाली रैली।
विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
झालरापाटन. मंगलवार को ब्लाॅक प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसायटी एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह रोकथाम एवं विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें झालरापाटन के विभिन्न विद्यालयों मे बच्चों को बाल विवाह रोकथाम के लिए शपथ दिलाकर यह संकल्प दिलवाया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित विवाह आयु बालक 21 वर्ष व बालिका 18 वर्ष से पूर्व यदि शादी समारोह का आयोजन होता है तो वे और उनका परिवार उस समारोह में न तो शामिल होंगे और न उस समारोह का आयोजन होने देंगे। इस अवसर पर बच्चों को शपथ करवाई गई।
अकलेरा. अबूझ सावों में अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत तालुका विधिक सेवा समिति अकलेरा के निर्देशन में 18 अप्रैल को मनोहरथाना तहसील के बांसखेड़ा गांव में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे अटल सेवा केन्द्र पर किया गया। शिविर में सचिव समेत रिटेनर, पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलिएंटर्स तथा बांसखेड़ा गांव के पदाधिकारी शामिल रहे। ग्रामीणों को बालविवाह रोकथाम अभियान सहित विभिन्न विधिक जानकारियां प्रदान की गई।
इधर, पीएलवी बीरमचंद ने ग्राम आमेठा में पब्लिक को नाल्सा की तस्करी एवं व्यवसायिक यौन शोषण के पीडितों की योजना 2015, असंगठित क्षेत्र के कामगारों की विधिक योजना 2015, गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की योजना 2016 के बारे में जानकारी प्रदान की। विधिक सेवा केन्द्र अमृतखेड़ी में पीएलवी रमेश चंद मीना ने ग्राम सेवक भैरुलाल मीना के साथ लोगों को मृत्यु भोज, एससी/एसटी अत्याचार निवारक एक्ट, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, मोटरयान के सामान्य नियम तथा 22 अप्रैल की राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में बताया। विधिक सेवा केन्द्र खारपा में पीएलवी नीलम हाड़ा ने गांव के रा.उ.मा. स्कूल में जाकर वहां स्कूल प्रबंधन एवं छात्र/छात्राओं से बाल विवाह रोकने में सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।