हेलीकॉप्टर की जगह सड़क मार्ग से दौरा करती तो हकीकत समझतीं सीएम: कांग्रेस
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुरेंद्र चंडालिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भानुप्रतापसिंह राणावत, उप सभापति डाॅ. विद्या राठौर, कांग्रेस युवा नेता अजय राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हेलीकॉप्टर की जगह सड़क मार्ग से दौरा करती, तो इस आदिवासी बाहुल्य प्रतापगढ़ जिले का दर्द समझ पाती। चार साल से यहां की आदिवासी जनता को विकास के नाम पर छला जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के वादे भी इनकी यात्राओं की तरह हवाई साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक हेलिकॉप्टर में घूमने की बजाय सड़क मार्ग से प्रतापगढ़ का दौरा किया जाता तो इनको हकीकत समझ में आ जाती। जिले में किसान परेशान हो रहे हैं। मंदसौर, नीमच, धरियावद रोड, अरनोद रतलाम रोड की हालत जर्जर हो चुकी है। हैलीकॉप्टर से आकर महज कुछ मिनट ही यहां गुजारे। अगर सड़क मार्ग से होकर गुजरती तो उन्हें आमजनता का दर्द महसूस होता।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रतापगढ़ आगमन के बाद जब आमजन उनके पास अपना दर्द लेकर पहुंचे तो पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पास फटकने तक नहीं दिया। आगामी चुनाव में जनता इसका हिसाब चुकता करेगी।