प्राइवेट बस स्टैंड शिफ्ट करने के लिए कल मौके पर सभी पक्षों से चर्चा करेंगे अधिकारी
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
प्राइवेट बस स्टैंड को कोतवाली के पास से पंचदेव सर्किल के पास शिफ्ट करने के फैसले का विरोध होता देख प्रशासन इसका सर्वमान्य हल निकालने का प्रयास करेगा। इसके लिए सोमवार को प्रशासनिक अधिकारी मौके पर जाकर सभी पक्षों से चर्चा करेंगे। प्राइवेट बस ऑपरेटर एसोसिएशन संघ के पदाधिकारियों एवं रेहड़ी ठेले वालों ने शनिवार को सांसद संतोष अहलावत से मुलाकात की। शनिवार को पुराने बस स्टैंड की दुकानें व रेहड़ियां बंद रही। निजी बसों के संचालकों और व्यापारियों ने विरोध भी जताया। अध्यक्ष भोपाल सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने बताया कि पंचदेव के पास बनाए स्टैंड पर बसें रोकने से यात्रियों की समस्या बढ़ जाएगी। शहर में आने-जाने के लिए ऑटो रिक्शा का सहारा लेना पड़ेगा। हाइवे पार कर शहर में जाने से हादसे की आशंका रहेगी। बरसात का पानी यहां आकर एकत्रित होने से यात्रियों को परेशानी होगी। खरीदारी व चिकित्सा के लिए आने वाले लोगों को परेशानी होगी। सांसद संतोष अहलावत ने बस संचालकों एवं रेहड़ी वालों को उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रास्ते में हुए अस्थाई अतिक्रमण हटाने को कहा। बाद में एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर दिनेश कुमार यादव से मिला। उन्हें बस स्टैंड शिफ्ट होने से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया।
विरोध करते निजी बसोंं के संचालक और व्यापारी। इस दौरान प्राइवेट बस एसोसिएशन संघ के पदाधिकारी व रेहड़ी वाले सांसद से भी मिले।
पुराना बस स्टैंड पर बंद रेहड़ियां व दुकानें।
सर्वमान्य हल िनकालेंगे : कलेक्टर
कलेक्टर यादव ने कहा कि बस स्टैंड शिफ्ट करने के लिए संबंधित पक्षों से चर्चा की जाएगी। सोमवार को अधिकारियों को दोनों स्थानों पर भेज कर मौका देखा जाएगा। फिर इसका सर्व मान्य हल निकाला जाएगा। बस स्टैंड शिफ्ट से पहले वहां सभी मूलभूत सुविधा मुहैया कराई जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में सुभाष बाजला, दिनेश केजड़ीवाल, राजेंद्र सिंह, विष्णु सैनी, शैलेष खंडेलिया, यासीन पठान, सज्जन, रवि सैनी, देवकरण, रमेश झाझड़िया, इमरान खान, भीलू खान, सुखदेव कुमावत, श्रीराम सैनी समेत अनेक लोग थे। उल्लेखनीय है कि प्रशासन की ओर से 15 अप्रैल से प्राइवेट बस स्टैंड शिफ्ट करने की घोषणा की गई थी। इसका कुछ संगठन विरोध कर रहे हैं।