विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं होने से बढ़ने लगी परेशानी
सैंपऊ। ग्राम पंचायत के गांव झीलरा गोदूपुरा और चंदू का नगला में पिछले दिनों आए तेज अंधड़ के कारण पोल और विद्युत लाइनों के टूट जाने से पटरी से उतरी विद्युत व्यवस्था चार दिन से बहाल नहीं हो सकी है। जिसे लेकर लोगों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। झीलरा निवासी गजेंद्र परमार ने बताया कि गांव में बिना बिजली के पानी की समस्या गहरा गई है। वहीं गांव में आटा चक्कियों पर पड़े गेंहूं की पिसाई का कार्य रूक जाने से लोगों को पेट भरने का संकट पैदा हो गया है। ग्रामीण केदार सिंह कुशवाह, प्रकाश कुशवाह, राधेश्याम परमार, भारतसिंह परमार ने बताया कि इलाके में अंधड़ से हुई तबाही के कारण जो कहर टूटा है, उससे हर वर्ग प्रभावित हुआ है।
स्ट्रीट लाईट की लाईन की नहीं की मरम्मत:तेज अंधड़ के कारण स्थानीय ग्राम पंचायत द्वारा पंचायत क्षेत्र में बिछी स्ट्रीट लाईट की केबिल को खासा नुकसान हुआ है। वही दर्जनों लाइटें भी पोलों के उखड़ने के साथ ही बेकार हो गई। ग्राम पंचायत सरपंच स्नेहलता परमार ने बताया कि स्ट्रीट लाईट की टूटी पड़ी केबिल को जोडने के लिए कई बार निगम के कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारियों को सूचित किया जा चुका है।