विधायक के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी, सीएम ने निंबाहेड़ा बुलाया
डूंगला | मुख्यमंत्री वसुंधराराजे के प्रवास के दौरान यहां भाजपा की गुटबाजी भी उजागर हुई। जहां जनसंवाद में मौजूद पदाधिकारियों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर संतुष्टि जताई वहीं विधायक विरोधियों ने हेलीपेड पर सीएम का अलग से स्वागत कर विधायक के प्रति नाराजगी जाहिर की।
बड़ीसादड़ी विस में जनसंवाद के दौरान पदाधिकारियों की कमी पर सीएम ने नाराजगी जताई। विकास कार्यों की जानकारी लेने पर मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अटके हुए बड़े कार्य पूरे होने के साथ विकास हुआ है। दूसरी ओर सीएम के जनसंवाद के बाद हेलीपेड पर पहुंचने पर वहां प्रतीक्षारत दूसरे गुट के कई कार्यकर्ताओं ने सीएम का स्वागत कर विधायक के प्रति नाराजगी जताई। सीएम ने सभी को बातचीत के लिए निंबाहेड़ा आने को कहा। इस पर विधायक विरोधी लोग तुरंत निम्बाहेड़ा रवाना हो गए। इनमें पूर्व पूर्व उपप्रधान शंभुलाल मेनारिया, पूर्व नपा चेयरमैन पुष्करराज माली, पूर्व प्रधान गणपतसिंह चुंडावत, क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष नारायण सिंह राणावत, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र जारोली, सिद्धार्थ तातेड़, पूर्व पार्षद हेमंत डांगी, कालूराम जाट, बंद्रीलाल जाट, एडवोकेट पंकज शर्मा, बार अध्यक्ष दुर्गेश जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रवि मेनारिया, एलवा मां विकास समिति अध्यक्ष नारायणलाल व्यास सहित जनप्रतिनिधि शामिल थे।