पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • घर में चोरी कर रहे थे मकान मालिक ने टोका तो कट्‌टा ताना, बाइक पर भागे

घर में चोरी कर रहे थे मकान मालिक ने टोका तो कट्‌टा ताना, बाइक पर भागे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धौलपुर. चोरी के दौरान बिखेरा गया सामान।

भास्कर संवाददाता|धौलपुर

शहर के औंडेला रोड स्थित पंचम विहार कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। गृह स्वामी उदयवीर ने बताया कि चोरों ने घर में घुसकर वहां रखे लोहे के संदूकों का ताला तोड़कर सारा सामान बाहर फैला दिया और उसमें रखी नगदी व जेवरात ले उड़े। उदयवीर ने जब उनका पीछा किया तो चोरों ने भागते हुए उस पर कट्टा तान दिया और बाइक पर बैठकर मौके से भाग निकले। उदयवीरसिंह ने बताया कि घर में वह और उसकी मां रहते हैं। मां किसी शादी समारोह में भाग लेने के लिए गई हुईं थीं और वह घर के दरवाजे पर ताला लगाकर कोचिंग चला गया। दोपहर लगभग 3 बजे जब वह कोचिंग से घर लौटा तो मेन गेट का ताला टूटा देखकर उसे आश्चर्य हुआ। जब उसने गेट खोला और अंदर गया तो वहां दो युवक दिखाई दिए। उदयवीर ने जब उनसे कुछ पूछना चाहा तो वे वहां से भागने लगे। उन्हें भागता हुआ देखकर उदयवीर ने उनका पीछा किया। इस दौरान एक युवक ने जेब से देशी कट्टा निकालकर उसकी ओर तान दिया। यह देखकर उदयवीर घबरा गया और उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले। तब तक दोनों आरोपी युवक कुछ ही दूर बाइक लेकर खड़े तीसरे साथी के साथ बाइक पर भाग निकले। इसके बाद उदयवीर ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हालांकि उदयवीर यह नहीं बता सका कि चोर क्या-क्या चुराकर ले गए हैं। कारण है कि यह सब उसकी मां को पता है।

खबरें और भी हैं...