आग की चिंगारी से छप्परपोश मकान जला, दंपति झुलसे
धौलपुर। जिले के बसेड़ी उपखंड के पत्तीपुरा गांव में मंगलवार को सुबह लगभग 6 बजे चूल्हे पर खाना बनाते वक्त एक छप्परपोश मकान में आग लग गई। आग लगने से घर में मौजूद दंपती गंभीर रूप से झुलस गए।
पत्तीपुरा निवासी आरती सुबह अपने छप्परपोश मकान में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर पहुंच गई। आरती ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। वहीं आरती का पति जगदीश भी घर में ही था। वे दोनों कुछ समझ पाते इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान में फैल गई। जगदीश व आरती भी इस आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। आग लगी देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का भी प्रयास किया। किसी तरह दंपती को बाहर निकालकर बसेड़ी अस्पताल पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार देकर दोनों को जिला मुख्यालय पर रैफर कर दिया गया।