स्कूलों से ड्रॉपआउट रोकने के लिए अब होगा वार्डवाइज सर्वे
धौलपुर. कार्य योजना पर चर्चा करते शिक्षा अधिकारी व कलेक्टर।
शिक्षा विभाग ने तैयार की नई कार्य योजना
धौलपुर| जिले के स्कूलों से ड्रॉपआउट रुक नहीं रहा है। इसमें विशेषकर बालिकाओं की संख्या ज्यादा सामने आ रही है। बालिकाएं कक्षा 5वीं, 8वीं के बाद स्कूल जाना बंद कर देती हैं और घर पर ही रहती हैं। इसके पीछे क्या कारण है और उन्हें फिर से शिक्षा से जोड़ने की कवायद में जिले का शिक्षा विभाग जुट गया है। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्टर ने बैठक भी ली। इसमें ड्रॉपआउट बच्चों को वापस स्कूल आने के लिए प्रेरित करने की योजना तैयार की गई। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक महेंद्र यादव ने बताया कि इस कार्य योजना के तहत आगामी दिनों में वार्ड वाइज सर्वे कराया जाएगा। इस सर्वे में शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिक प्रत्येक घर पर दस्तक देकर घर में बच्चों की संख्या, नाम, किस स्कूल में और किस कक्षा में पढ़ते हैं तथा यदि स्कूल नहीं जाते तो कारण क्या है, जानकारी जुटाकर उन्हें चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को शत-प्रतिशत शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। कलेक्टर शुचि त्यागी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए विभाग की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कक्षा 5, 8 और 10वीं पास कर चुके विद्यार्थियों की ग्राम, मोहल्लावार सूची बनाएं। कितने बच्चों ने अगली कक्षा में प्रवेश लिया है, इसकी भी सूची बनाएं।
बालिकाओं के प्रवेश को देंगे प्राथमिकता