जरूरतमंद परिवारों की बेटियां की शादी करवाएगा केहरपुरा का नंदलाल झाझड़िया सेवा संस्थान, 10 लोगों की कमेटी बनाई
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
केहरपुरा के नंदलाल झाझड़िया सेवा संस्थान ने झुंझुनूं जिले के सर्व समाज के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह करवाने की घोषणा की। सामूहिक विवाह समारोह के लिए दस लोगों की कमेटी बनाई गई है जो पूरे आयोजन की व्यवस्था करेगी। संस्थान के बबलू चौधरी (निषित कुमार) ने शनिवार को मेड़तनी बावड़ी के निकट महर्षि वाल्मीकि बगीची में समस्त वाल्मीकि समाज की ओर से अंबेडकर जयंती पर आयोजित समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने इस मौके पर गणमान्य लोगों को भारतीय संविधान की प्रतियां भी भेंट कीं।
चौधरी ने बताया कि उनके संस्थान की ओर से पात्र परिवारों की बेटियों का विवाह करवाया जाएगा। इस पूरे आयोजन के खर्च संस्थान उठाएगा। भले ही ऐसी बेटियों की संख्या कितनी ही क्यों न हो। प्रत्येक बेटी को संस्थान की ओर से घरेलू आवश्यकता के 40 आइटम भेंट किए जाएंगे। इसके लिए दस लोगों की कमेटी बनाई है जो आवेदनों की जांच करेगी। इस सामूहिक विवाह समारोह के लिए आगामी तीन माह तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद मुहूर्त देख कर विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। अतिथियों की ओर से मिलने वाली कन्यादान की राशि सभी बेटियों को भेंट कर दी जाएगी। प्रत्येक जोड़े की बारात के भोजन की व्यवस्था संस्थान करेगी। आयोजन में बाकायदा पंडित की व्यवस्था होगी और हर विवाह अलग चंवरी पर होगा। झुंझुनूं जिले के परिवार ही इसमें शामिल हो सकेंगे।
समारोह में चौधरी ने मुख्य अतिथि सांसद संतोष अहलावत, नगर परिषद सभापति सुदेश अहलावत, भाजपा के वरिष्ठ नेता विशंभर पूनिया, पार्षद प्रदीप डुलगच, नवलगढ़ से आए अोमेंद्र चारण, भाजपा के जिला महामंत्री डॉ. राजेश बाबल सहित ग्यारह गणमान्य लोगों को भारतीय संविधान की प्रतियां भेंट कीं। चौधरी ने बताया कि वे चाहते हैं को लोग भारतीय संविधान के बारे में जानें तथा उसमें दी गई जानकारी को समझें। इसलिए वे पहले चरण में संविधान की 51 प्रतियां भेंट करने जा रहे हैं। सांसद अहलावत ने कहा कि आज के जमाने में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का जिम्मा उठाना सराहनीय है। हमारा जिला बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में अच्छा कार्य करने के लिए पीएम से सम्मानित हो चुका है।
समारोह में सांसद व अन्य अतिथियों को संविधान की प्रति भेंट करते चौधरी।