दो बाइक भिड़ी, परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत, दो युवतियों सहित चार घायल
भास्कर संवाददाता | चूरू/तारानगर
कोहिणा के पास मंगलवार अल सुबह करीब पांच बजे दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो युवतियों सहित चार जने घायल हो गए। पुलिस के अनुसार कोहिणा निवासी 19 वर्षीय छात्र प्रदीप पुत्र कमल जाट मंगलवार सुबह गांव के ही नरेश पुत्र दलवीर जाट के साथ कॉलेज परीक्षा देने बाइक पर चूरू जा रहा था। गांव से पांच किमी दूर सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों बाइक पर सवार सभी 5 जने घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस सभी को चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक प्रदीप ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में प्रदीप के साथ बाइक पर सवार नरेश और दूसरी बाइक पर सवार मेहरी निवासी 25 वर्षीय मुरारीलाल पुत्र लूणाराम नाई, कोहिणा की 19 वर्षीय सिलोचना पुत्री मोहनलाल नाई व एक अन्य युवती सुशीला घायल हो गईं। नरेश व मुरारीलाल को जयपुर रैफर कर दिया गया। दोनों युवतियों का चूरू के राजकीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। सिलोचना का कोहिणा में ससुराल है। मंगलवार को वह पीहर मेहरी से मुरारीलाल के साथ बाइक पर कोहिणा जा रही थी।
छात्र प्रदीप
उपचार की व्यवस्था नहीं होने पर जताया आक्रोश
अस्पताल में भर्ती घायल सुलाेचना।
कोहिणा के पास हुए हादसे में घायलों को चूरू लाए जाने के बाद मृतक के परिजनों सहित लोगों ने अव्यवस्थाओं को लेकर आक्रोश जताया। मृतक के रिश्ते में लगने वाले दादा कोहिणा निवासी महेंद्र पूनिया ने बताया कि करीब सात बजे घायलों को चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था। यहां पर उनके उपचार की कोई व्यवस्था नहीं हुई। यहां तक कि संबंधित डॉक्टर को कॉल पर भी नहीं बुलाया गया। लोगों ने आक्राेश जताया, तो करीब आठ बजे घायलों का उपचार शुरू किया गया, जिसमें से दो को रैफर कर दिया।
बाइक सवार से लिफ्ट मांग घर लौट रहा था, रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
राजलदेसर | परसनेऊ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस के अनुसार रतनगढ़ के वार्ड 17 निवासी भागीरथप्रसाद (52) पुत्र शिवभगवान प्रजापत मंगलवार सुबह परसनेऊ के पास स्थित काली माता मंदिर में दर्शन करने के लिए गया था। जाते वक्त बस में गया था, लेकिन लौटते वक्त बाइक सवार युवक भावनदेसर निवासी सीताराम (23) पुत्र भंवरलाल जाट से लिफ्ट मांग ली। दोनों थोड़ी दूर ही चले थे कि होटल के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भागीरथप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भावनदेसर निवासी सीताराम जाट घायल हो गया। राजकीय अस्पताल से उसे पहले रतनगढ़ और बाद में बीकानेर रैफर किया गया। इस संबंध में मृतक के पुत्र पवन प्रजापत ने वाहन चालक के खिलाफ गलत दिशा में वाहन चलाकर बाइक को टक्कर मारने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस हाईवे पर राजलदेसर से श्रीडूंगरगढ़ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुट गई।
मृतक भागीरथ
घायल सुशीला