एटीएम कार्ड बदल सीआरपीएफ जवान के खाते से 2.70 लाख रुपए निकाले
एटीएम बदलकर सीआरपीएफ जवान के खाते से 2.70 लाख रुपए निकालने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार पांथड़िया होशियार सिंह सीआरपीएफ में श्रीनगर में पोस्टेड हैं। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड परिजनों को दे रखा है। 11 अप्रैल को भतीजा पवन कुमार मेघवाल कार्ड लेकर रुपए निकालने के लिए भगतसिंह सर्किल के पास एक्सिस बैंक के पिलानी एटीएम पहुंचा। पवन ने कार्ड मशीन में दिया तो सही नहीं लगा। पास खड़े युवक ने मदद की बात कह कार्ड लेकर 10 हजार रुपए निकालकर दे दिए। इसी दौरान कार्ड बदल लिया। इसी दौरान एटीएम बदलकर होशियार सिंह के खाते से 11 से 14 अप्रैल के बीच 2.70 लाख रुपए निकाल लिए गए। होशियार सिंह को ठगी का पता चेक बाउंस होने पर चला। दरअसल होशियार सिंह के पिता चिमनाराम ने एक व्यापारी को होशियार के खाते से भुगतान के लिए 15 अप्रैल को चेक दिया था। वह बाउंस हो गया। व्यापारी ने चिमनाराम को इसकी जानकारी दी। चिमनाराम ने बेटे होशियार सिंह को फोन पर पूछा तो खाते में पर्याप्त राशि होने की बात कही। बैंक में पूछताछ करने पर पता चला कि खाते से 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक 2.70 लाख रुपए निकाले जा चुके हैं।