मंदिर के चबूतरे पर मिली नवजात ‘लक्ष्मी’ की हालत में सुधार, गोद लेने पहुंचे लोग
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
बड़बर पंचायत के भानीपुरा गांव में शिव मंदिर के चबूतरे पर मिली सात दिन की नवजात लक्ष्मी के स्वास्थ्य में अब सुधार है। राजकीय भगवानदास खेतान अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वीडी बाजिया की देखरेख में लक्ष्मी का उपचार चल रहा है। लक्ष्मी की सोनोग्राफी कराई गई है। शनिवार को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. बाजिया ने दिनभर तीन बार लक्ष्मी के स्वास्थ्य की जांच की।
डाॅ. बाजिया ने बताया कि लक्ष्मी के शुगर का लेवल कंट्रोल हुआ है। खून में संक्रमण है। फोटो थैरेपी से पीलिया का उपचार किया जा रहा है। लक्ष्मी को ऑक्सीजन दिया जा रहा है। ताण (दौरे) की संख्या भी कम हुई है, स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सुमन पूनिया ने भी वार्ड प्रभारी राजेंद्र यादव से लक्ष्मी के उपचार की जानकारी ली। इधर, बीमा निगम में काम करने वाले एक अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर लक्ष्मी को गोद लेने की मंशा जाहिर की। डॉक्टर बाजिया ने उन्हें यह कह कर मना कर दिया कि गोद की प्रक्रिया अस्पताल में न होकर समाज कल्याण विभाग के माध्यम से होगी। कई लोग लक्ष्मी को देखने एवं उसकी खैर खबर लेने पहुंचे। नर्सिंगकर्मियों ने उसकी तबीयत खराब बता कर संक्रमण की आशंका जताते हुए लोगों लक्ष्मी से नहीं मिलाया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार अल सुबह बड़बर पंचायत के भानीपुरा गांव में शिव मंदिर के बाहर चबूतरे पर एक बच्ची मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहले बुहाना सीएचसी व बाद में झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया था।
बीडीके अस्पताल में भर्ती लक्ष्मी का उपचार करते डॉ. वीडी बाजिया।