गेडाप उपस्वास्थ्य केंद्र की छत से टपकता है पानी, पार्वतीसर में बिजली-पानी ही नहीं
सुजानगढ़. नर्सिंग स्टाफ को संबोधित करते एसडीएम बाकोलिया।
सुजानगढ़ में नर्सिंग स्टाफ व डॉक्टरों की बैठक
भास्कर न्यूज | सुजानगढ़
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को ब्लाक के नर्सिंग स्टाफ व चिकित्सकों की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम दीनदयाल बाकोलिया ने नर्सिंग स्टाफ व चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों में स्थित लेबर रूम की सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रसव के मामलों में चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ गंभीरता बरते तथा टीकाकरण व सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थी को समय पर दिलाने का प्रयास करें, ताकि किसी को शिकायत का मौका ना मिले। उन्होंने कहा कि अगर किसी भवन को मरम्मत की जरूरत है, तो इसकी रिपोर्ट बनाकर बीसीएमओ कार्यालय को सूचना दे। बीसीएमओ डाॅ. भंवरलाल सर्वा ने 23 व 24 अप्रैल को संघन इंद्रधनुष कार्यक्रम व विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2017-18 में संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस दौरान चिकित्सकों ने गेडाप में उपस्वास्थ्य केंद्र की छत से पानी गिरने व चार दीवारी टूटी होने तथा पार्वतीसर के सेंटर पर पानी व बिजली व्यवस्था नहीं होने की जानकारी दी।